वरुण को रिहा करो या लालू पर रासुका लगाओ : भाजपा
भाजपा प्रवक्ता बलबीर पुंज ने संवाददाताओं से चर्चा में मंगलवार को कहा, "या तो वरुण गांधी को रिहा किया जाए या फिर लालू और श्रीनिवास को जेल में बंद किया जाए। सभ्य समाज लोकतंत्र में दोहरे मापदंड की अपेक्षा नहीं करता।"
पुंज ने कहा, "वरुण मामले में तत्परता से टिप्पणी करने वाले प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को तत्काल प्रभाव से लालू को अपने मंत्रिमंडल से बाहर कर देना चाहिए और कांग्रेस को श्रीनिवास पर अनुशासनात्मक कार्रवाई करनी चाहिए।"
उन्होंने कहा कि सभ्य समाज को वरुण की रिहाई की मांग करनी चाहिए अथवा यह आवाज उठानी चाहिए कि लालू और श्रीनिवास को भी रासुका के तहत जेल में बंद किया जाना चाहिए।
वरुण को उम्मीदवार न बनाए जाने की सलाह देने वाले चुनाव आयोग पर भी पार्टी ने निशाना साधते हुए कहा, "निर्वाचन आयोग को कांग्रेस और राजद को निर्देश देना चाहिए कि दोनों दल अपने-अपने उम्मीदवारों का आगामी चुनाव में खड़ा न करें।" पार्टी ने इस संबंध में चुनाव आयोग में भी शिकायत की है।
उल्लेखनीय है कि लालू ने सोमवार को किशनगंज में एक चुनावी सभा में कहा था कि यदि वे गृह मंत्री होते तो मुसलमानों के खिलाफ टिप्पणी करने वाले वरुण गांधी को रोलर के नीचे कुचलवा देते, चाहे इसके लिए जो होता जबकि श्रीनिवास ने कथित तौर पर टिप्पणी की थी कि वे उन लोगों का हाथ काट डालेंगे जो अल्पसंख्यकों की तरफ उंगली उठाते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications