चिदंबरम ने आतंकवाद से निपटने के लिए कांग्रेस की योजना की घोषणा की
चिदंबरम ने कहा, "सिर्फ भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ही आतंकवाद के खतरे से निपट सकती है, वह भी समाज के सदियों पुरानी बुनावट को नुकसान पहुंचाए बगैर।"
चिदंबरम 'कांग्रेस पार्टी का संकल्प : भारत का आतंकवाद से हिफाजत' नामक पुस्तिका से उद्धरणों को दोहरा रहे थे।
चिदंबरम ने कहा कि केवल एक जिम्मेदार सरकार ही आतंकवाद के खतरे से निपट सकती है।
गृह मंत्री ने कहा, "कांग्रेस पार्टी इस चुनौती के लिए तैयार है। कांग्रेस पार्टी आतंकवाद की चुनौती से निपटने के लिए मजबूत और निर्णायक नेतृत्व प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। भारत के लोगों के प्रति यह हमारा संकल्प है।"
पुस्तिका में कांग्रेस के सत्ता में आने के बाद आतंकवाद से निपटने के लिए उसके द्वारा उठाए जाने वाले कदमों की रूपरेखा प्रस्तुत की गई है।
चिदंबरम ने कहा कि कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार एक स्थायी संकट प्रबंधन समूह या 'युद्ध कक्ष' की स्थापना करेगी। 'युद्ध कक्ष' की दो मुख्य गतिविधियां होंगी। यह सामरिक चौकसी और आतंकी खतरे या हमले के दौरान नियंत्रण मुहैया कराने के साथ 24 घंटे निगरानी केंद्र के रूप में काम करेगा।
उन्होंने कहा कि 'युद्ध कक्ष' एक कैबिनेट सचिव के अधीन होगा और इसमें सशस्त्र सेना के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे।
गृह मंत्री ने कहा कि सरकार राष्ट्रीय सुरक्षा और आतंकवाद से संबंधित मामलों की तीव्र सुनवाई के लिए एक न्यायिक कार्यबल की स्थापना करेगी। इसके तहत इस तरह के मामलों को 90 दिनों के भीतर निपटाने की कोशिश की जाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications