अब आजम खान को सहन नहीं कर सकता : अमर सिंह
सहकारिता भवन में आयोजित एक कार्यक्रम में अमर सिंह ने कहा, "पिछले काफी समय से आजम खान मुझ्झे बहुत भला बुरा कह रहे हैं। मैं चुपचाप उनकी बात सहन कर रहा था लेकिन अमर सिंह की भी सहने की एक सीमा है। मेरी सहनशक्ति अब खत्म हो गई है।"
उन्होंने कहा, "पार्टी मुखिया मुलायम सिंह के कहने पर मैं अभी तक चुप था और सब कुछ सह रहा था लेकिन अब पानी सिर के ऊपर से बहने लगा है। अब आजम खान को सहना बहुत मुश्किल है।"
यह पूछे जाने पर कि क्या अमर सिंह सपा छोड़ने जा रहे हैं तो इसके जवाब में उन्होंने कहा कि वे न तो पार्टी छोड़ेंगे और न ही मुलायम सिंह का साथ।
उल्लेखनीय है कि कथित तौर पर मुलायम द्वारा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बागी नेता कल्याण सिंह से हाथ मिला लेने के बाद आजम लगातार मुलायम से नाराज चल रहे हैं और मुलायम उन्हें लगातार संघर्ष के दिनों का साथी बताकर मनाने की कोशिश कर रहे हैं।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक हाल ही में सपा सुप्रीमो ने रामपुर जाकर आजम खान से मुलाकात की थी। बताया जाता है कि मुलायम द्वारा आजम को दिये जा रहे महत्व से अमर सिंह आहत हैं। अमर की नाराजगी इस बात को लेकर है कि आजम खान पार्टी और पार्टी के फैसलों से बड़े हो गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications