तरीका गलत लेकिन मुद्दा सही : जरनैल सिंह
नई दिल्ली, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदम्बरम पर जूता फेंक कर सनसनी फैलाने वाले सिख पत्रकार जरनैल सिंह ने कहा है कि उनका तरीका गलत था लेकिन उन्होंने जो मुद्दा उठाया था वह सही है।
जरनैल सिंह ने तुगलक रोड थाने से आईएएनएस से फोन पर बातचीत में कहा, "मैं उनसे (चिदम्बरम) बस यह पूछना चाहता था कि वे कैसे खुश हो सकते हैं जबकि पूरा का पूरा सिख समुदाय गुस्से में हैं।"
उन्होंने कहा, "मैं उनसे यही पूछना चाह रहा था कि ऐसे कैसे न्याय किया जा सकता है लेकिन वे मेरे सवालों का जवाब देने को तैयार नहीं थे।"
उन्होंने कहा, "मैं नहीं समझता कि मैंने जो तरीका अपनाया वह सही है लेकिन मेरा जो मुद्दा था वह सही है।"
उल्लेखनीय है कि जरनैल सिंह ने कांग्रेस मुख्यालय में मंगलवार को एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान पी. चिदम्बरम पर जूता फेंक कर सनसनी फैला दी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications