पाकिस्तान,अमेरिका से 1971 के युद्ध अपराधों के साक्ष्य मांगेगा बांग्लादेश
स्वतंत्रता संघर्ष के दौरान पाकिस्तानी सरकार से जुड़े लोगों को बांग्लादेश में युद्ध अपराधी माना जाता है।
ढाका अमेरिका से मिलिशिया के लोगों के खिलाफ आरोप निश्चित करने के लिए साक्ष्य चाहता है। इन लोगों पर हजारों निहत्थे नागरिकों की हत्या, बलात्कार,लूट और आगजनी का आरोप है। अमेरिकी राष्ट्रपति रिचर्ड निक्सन के प्रशासन ने बांग्लादेश के मुक्ति संघर्ष के दौरान पाकिस्तान का समर्थन किया था।
गुरुवार को औपचारिक रूप से आरंभ होने वाले मुकदमे से संबंधित सरकारी अधिकारियों ने कहा कि साक्ष्य के संबंध में अनुरोध इंटरनेशनल क्राइम्स (ट्रिब्यूनल) एक्ट 1973 के तहत किया गया है।
संसद की मंजूरी के बाद मुकदमा आरंभ करने की कार्रवाई शुरू हुई है। उल्लेखनीय है दिसम्बर में संसदीय चुनाव में शेख हसीना की भारी विजय के बाद युद्ध अपराध मुकदमा आरंभ करने के रास्ते की राजनैतिक बाधाएं दूर हुईं हैं।
जहां अमेरिका ने सैद्धांतिक रूप से मुकदमे को स्वीकार किया है वहीं पाकिस्तानी राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी के एक विशेष दूत ने बांग्लादेश को इसके खिलाफ चेतावनी देते हुए कहा कि यह इसके लिए सही समय नहीं है और इससे द्विपक्षीय संबंधों को नुकसान पहुंच सकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications