टाइटलर को क्लीन चिट मिलने से गुस्साए पत्रकार ने चिदंबरम पर जूता फेंका (लीड-2)
राजधानी स्थित कांग्रेस मुख्यालय में मंगलवार दोपहर आयोजित एक विशेष संवाददाता सम्मेलन के दौरान यह घटना हुई।
पत्रकार जरनैल सिंह ने दरअसल चिदम्बरम से जानना चाहा था कि किन हालातों में सीबीआई ने टाइटलर को क्लीन चिट दी।
चिदम्बरम ने जरनैल सिंह के सवाल का जवाब देते हुए कहा, "ना तो गृह मंत्रालय और ना ही किसी अन्य मंत्रालय ने सीबीआई पर दबाव डाला था। सीबीआई ने सिर्फ रिपोर्ट दी थी। यह अदालत पर निर्भर करता है कि वह सीबीआई की रिपोर्ट को स्वीकार करे या खारिज करे।"
इस सवाल पर चिदम्बरम और सिंह के बीच थोड़ी बहस भी हुई। चिदम्बरम ने सिंह से आग्रह किया वे बहस न करे जबकि सिंह उनसे अगला सवाल पूछे जा रहे थे। इसी बीच अचानक सिंह ने जूता निकाल चिदम्बरम पर फेंका डाला जो उनसे कुछ दूरी पर गिरा।
इस घटना से विचलित हुए बगैर मंत्री ने कहा, "कृपया इन्हें आराम से बाहर ले जाइए।" इस पर कांग्रेस कार्यकर्ता फौरन जरनैल सिंह को कमरे से बाहर ले गए।
बाद में जरनैल सिंह को पुलिस थाने ले जाया गया जहां उन्होंने पत्रकारों से कहा, "मेरा तरीका गलत हो सकता है लेकिन मेरा मुद्दा सही था।"
यह पूछे जाने पर कि क्या वे इस घटना के लिए माफी मांगेगे, इसके जवाब में उन्होंने कहा, "माफी किस बात की। मैंने जो मुद्दा उठाया था वह सही था।"
इस घटना ने गत दिसम्बर में अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति जार्ज बुश पर इराकी पत्रकार मुंतजिर-अल-जैदी द्वारा जूता फेंकने की घटना की याद ताजा कर दी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications