सोनिया आज भरेंगी नामांकन पत्र

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी आज रायबरेली से लोकसभा चुनावों के लिए अपना नामांकन भरेंगी जबकि राजनाथ सिंह एटा में वरुण से मिलेंगे.
पार्टी प्रवक्ता अखिलेश प्रताप सिंह ने बताया कि सोनिया गांधी दिन में अपना नामांकन भरेंगी और इस दौरान उनके साथ अमेठी से सांसद राहुल गांधी और पूर्व सांसद कैप्टन सतीश शर्मा होंगे. सोनिया ने इससे पहले रविवार को उत्तर प्रदेश में तीन स्थानों पर रैलियां करके पार्टी का प्रचार कार्य किया. सोनिया इस समय भी रायबरेली से ही सांसद हैं.
राजनाथ-वरुण मुलाक़ात
वरुण गांधी रासुका के तहत एटा जेल में बंद हैं. उधर भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह आज एटा जेल में बंद पीलीभीत से पार्टी उम्मीदवार वरुण गांधी से मुलाक़ात करने जा रहे हैं.
पार्टी की शुक्रवार को हुई बैठक के बाद राजनाथ सिंह ने कहा था कि वरुण को जेल में अख़बार न दिया जाना सही नहीं है और वो सोमवार को वरुण से मुलाक़ात करने एटा की जेल जाएंगे.
पार्टी ने वरुण गांधी पर राष्ट्रीय सुरक्षा क़ानून लगाए जाने का विरोध किया है और कहा है कि राज्य में मायावती सरकार कांग्रेस के साथ मिलकर वरुण को निशाना बना रही है.
उल्लेखनीय है कि सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में पीलीभीत के ज़िलाधीश को नोटिस दिया है कि वरुण गांधी पर राष्ट्रीय सुरक्षा क़ानून की धारा क्यों लगाई गई.
वरुण गांधी पर मुसलमानों के ख़िलाफ भड़काऊ भाषण देने का आरोप था और इस मामले में गिरफ़्तारी देते समय उनके समर्थकों ने पीलीभीत में ज़बर्दस्त तोड़फोड़ की थी. इसी तोड़फोड़ के बाद स्थानीय प्रशासन ने वरुण गांधी पर राष्ट्रीय सुरक्षा क़ानून लगा दिया था. वरुण को भड़काऊ भाषण देने के मामले में ज़मानत मिल गई है लेकिन रासुका के तहत उन्हें अभी ज़मानत नहीं मिली है.


Click it and Unblock the Notifications