इटली में भूकंप, कई मौतों की आशंका

भूकंप की तीव्रता रिएक्टर पैमाने पर 6.3 मापी गई है और यह भूकंप इटली के समय के अनुसार सुबह साढ़े तीन बजे आया.
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार लकिला शहर में एक घर के गिरने से कम से कम चार बच्चों की मौत हो गई है.
टेलीविज़न फुटेज़ में लकिला शहर में कई इमारतें ध्वस्त दिखाई जा रही हैं.
राहतकर्मी भूकंप प्रभावित इलाक़ों में पहुंच चुके हैं और उनका कहना है कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है.
रायटर्स संवाद समिति के अनुसार मध्य इटली में एक विश्वविद्यालय का आवासीय परिसर गिर गया है और आस पास के की शहरों में भी बर्बादी हुई है.
लकिला शहर इटली के मध्यवर्ती हिस्से में हैं जो पहाड़ी क्षेत्र माना जाता है.
इटली के पत्रकार पाउलो पासिटी ने बीबीसी को बताया कि इस शहर में पहुंचना मुश्किल है क्योंकि भूकंप के कारण रास्ते भी अवरुद्ध हुए हैं.
उनका कहना था, '' सारे लोग सड़कों पर हैं और वो सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं. ''
इस भूकंप का असर रोम में भी देखने को मिला है जहां कई लोग इसके झटकों के कारण सोते से उठ गए.
अमरीकी भूगर्भ सर्वे के अनुसार इस भूकंप के एक घंटे बाद 4.8 तीव्रता का एक और झटका इसी इलाक़े में महसूस किया गया है.
इससे पहले रविवार को इटली के इसी इलाक़े में हल्की तीव्रता के दो झटके आए थे लेकिन जानमाल का कोई नुकसान नहीं हुआ था.


Click it and Unblock the Notifications