चीन ने उत्तर कोरिया के मसले पर सुरक्षा परिषद को चेताया
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में चीन के राजदूत झेंग येसुइ ने रविवार को यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि इस मसले पर आपात बैठक कर रही सुरक्षा परिषद की प्रतिक्रिया बहुत सचेत और संतुलित होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि उत्तर कोरिया के मसले पर छह राष्ट्रों की वार्ता का जारी रहना अंतर्राष्ट्रीय समुदाय के हित में है। यह वार्ता कोरियाई प्रायद्वीप को परमाणु रहित रखने और वहां तथा पूरे पूर्वोत्तर एशिया में शांति और स्थायित्व बरकरार रखने के लिए शुरू की गई थी।
उत्तर कोरिया के कथित लंबी दूरी के मिसाइल परीक्षण के बाद जापान के अनुरोध पर रविवार को सुरक्षा परिषद की आपात बैठक बुलाई गई थी। जबकि उत्तर कोरिया का कहना है कि उसने अपने संचार उपग्रह का प्रक्षेपण किया है।
संयुक्त राष्ट्र में अमेरिका की राजदूत सूजेन राइस ने सुरक्षा परिषद की बैठक शुरू होने से पहले संवाददाताओं से कहा कि इस बारे में सुरक्षा परिषद की ओर से कड़ा सामूहिक कदम उठाया जाना चाहिए।
राइस ने कहा, "हम क्षेत्र में तथा सुरक्षा परिषद में अपने सहयोगियों से विचार-विमर्श कर रहे हैं।"
सुरक्षा परिषद में फ्रांस के राजदूत ज्यां मॉरी रिपर ने भी कहा कि सुरक्षा परिषद को इस बारे में सर्वसम्मति से कार्रवाई करनी चाहिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications