नक्सलियों ने प्रस्तावित बिजली संयंत्र के 4 सुरक्षाकर्मियों की हत्या की
पुलिस ने सोमवार को बताया कि राजधानी रांची से करीब 140 किलोमीटर दूर लातेहार के चकला गांव में 20-25 नक्सलियों ने रात करीब 11.30 बजे प्रस्तावित बिजली संयंत्र पर धावा बोल दिया और वहां मौजूद निजी सुरक्षाकर्मियों पर अंधाधुंध गोलीबारी की।
इस घटना में तीन सुरक्षाकर्मियों की मौके पर मौत हो गई जबकि एक ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। एक घायल गार्ड को राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस, रांची रेफर किया गया है।
सूत्रों के मुताबिक नक्सलियों ने बिजली संयंत्र लगाने वाली कंपनी 'अभिजीत समूह' से 20 लाख रुपये की मांग की थी, लेकिन समूह ने धन देने से इंकार कर दिया।
अभिजीत समूह के एक अधिकारी ने आईएएनएस से कहा, "हमने नक्सलियों द्वारा धन की मांग करने के मद्देनजर पुलिस से सुरक्षा की मांग की थी। लेकिन लोकसभा चुनाव की घोषणा के बाद परियोजना स्थल के पास बने अस्थाई पुलिस चौकी को भी हटा लिया गया। पुलिस चौकी हटाए जाने के कारण नक्सलियों को हमला करने की छूट मिल गई।"
पुलिस ने इस घटना में शामिल नक्सलियों को पकड़ने के लिए अभियान छेड़ दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications