केंद्रीय मंत्री नारायण सामी मानहानि के मामले में तलब
रायपुर, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ की एक अदालत ने केंद्रीय संसदीय व योजना राज्य मंत्री वी.नारायण सामी को मानहानि के एक मामले में नोटिस जारी किया है। सामी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक पूर्व मंत्री के खिलाफ कथित तौर पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया था।
सामी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 499 व 500 के तहत एक मामला दर्ज किया गया है।
भाजपा के पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर के वकील रमाकांत मिश्र ने संवाददाताओं को बताया कि नोटिस में सामी को स्वयं या अपने वकील के माध्यम से 25 जून तक अदालत में उपस्थित होने के लिए कहा गया है।
भाजपा नेता ने कहा कि उन्हें सामी के खिलाफ मानहानि का मामला दर्ज करने के लिए मजबूर होना पड़ा, क्योंकि सामी ने पिछले वर्ष अगस्त महीने में एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान चंद्राकर पर 1,000 करोड़ रुपये के भ्रष्टाचार का आरोप लगाया था। चंद्राकर छत्तीसगढ़ की पिछली भाजपा सरकार में पंचायत व ग्रामीण विकास मंत्री थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications