वरुण मामले को चुनावी मुद्दा बनाएंगे : राजनाथ (लीड-4)

इससे पहले दोपहर को भारी संख्या में वरुण समर्थकों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने एटा में सड़कों पर निकलकर अपना विरोध दर्ज किया।

वरुण से मुलाकात के बाद संवाददाताओं से बातचीत में राजनाथ ने कहा, "मायावती सरकार वरुण को प्रताड़ित कर रही है लेकिन इस पर पार्टी चुप बैठने वाली नहीं है। भाजपा इस मुद्दे को जनता की अदालत में ले जाएगी।"

उन्होंने कहा, "हम वरुण गांधी के साथ हैं जिन्हें जेल में प्रताड़ित किया जा रहा है। कानून अपना काम करेगा लेकिन पार्टी पूरी तरह से उन्हें राजनीतिक और कानूनी मदद करेगी। "

वरुण से हुई मुलाकात के बारे में पूछे जाने पर राजनाथ ने कहा, "मैंने वरुण से मिलकर उसकी सेहत की जानकारी ली।"

सिंह ने कहा कि वरुण पर रासुका लगाया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है और गलत तरीके से फंसाया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने बिना सही ढंग से जांच किए वरुण पर रासुका लगा दिया। उन्होंने साफ किया कि कथित सीडी में वरुण की आवाज के साथ छेड़छाड़ की गई है।

यह पूछे जाने पर कि क्या वरुण से एटा जेल में मिलने भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी और नरेंद्र मोदी भी आएंगे इसके जवाब में उन्होंने कुछ भी कहने से इनकार किया।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक राजनाथ और वरुण के बीच करीब आधा घंटे तक बातचीत हुई। एटा के कोतवाली प्रभारी नवाब सिंह ने आईएएनएस को बताया कि राजनाथ सिंह के साथ एक डाक्टर भी प्रशासन की अनुमति के बाद वरुण का हालचाल लेने के लिए जेल के अंदर गया था।

उधर, शहर के रामलीला मैदान में एक जनसभा को संबोधित करते हुए राजनाथ ने कहा, "वरुण का स्वास्थ्य बिगड़ रहा है लेकिन मानसिक तौर पर वे बेहद मजबूत हैं। राज्य सरकार को कड़ा जवाब देने के लिए हमारे लिए यही काफी है।"

उन्होंने कहा, "यह देखकर मुझे हैरानी हुई कि जेल में वरुण के साथ अपराधियों से भी बुरा बर्ताव हो रहा है।"

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि यह राज्य और केंद्र दोनों सरकारों की जिम्मेदारी थी कि वरुण को ठीक ढंग से जेल में रखा जाए। न केवल राज्य सरकार बल्कि केंद्र सरकार को भी वरुण की सुरक्षा की चिंता करनी चाहिए। उन्होंने दोनों सरकारों को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर वरुण को कुछ हो गया तो इसके लिए केंद्र और राज्य दोनों सरकारें जिम्मेदार होंगी और इसकी उन्हें भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।

नवाब सिंह ने बताया कि धारा 144 लागू होने के बावजूद भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने वरुण की जल्द रिहाई की मांग को लेकर जेल के बाहर व अन्य कई स्थानों पर हो हल्ला किया और वरुण के समर्थन में नारे लगाए। उन्होंने बताया कि कानून व्यवस्था न बिगड़े इसके लिए भारी संख्या में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया गया था।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले पार्टी के वरिष्ठ नेता वेंकैया नायडू की अगुवाई में पार्टी नेताओं का एक दल गत दो अप्रैल को वरुण से मिलने एटा जेल गया था। ज्ञात हो कि 29 मार्च को राज्य सरकार ने भड़काऊ भाषण मामले में वरुण गांधी के खिलाफ रासुका लगा दिया था।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+