सोनिया ने नामांकन भरा, कार नहीं पर इटली में है मकान (लीड-1)
उत्तर प्रदेश कांग्रेस इकाई के प्रवक्ता अखिलेश प्रताप सिंह ने सोमवार को आईएएनएस को बताया कि सोनिया ने दोपहर करीब 12.30 बजे रायबरेली के जिलाधिकारी कार्यालय में अपना पर्चा दाखिल किया। इस दौरान उनके साथ उनके बेटे व पार्टी महासचिव राहुल गांधी व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रीता बहुगुणा जोशी भी मौजूद थीं। इससे पहले पिछला लोकसभा चुनाव भी उन्होंने यहीं से जीता था।
कांग्रेस अध्यक्ष के रायबरेली आगमन को देखते हुए पूरा शहर कांग्रेस के झंडों और बैनरों से पटा हुआ था। हजारों की संख्या में समर्थक उनके स्वागत के लिए जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर जमा थे। उनके आगमन को देखते हुए रायबरेली में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे।
उधर, सोनिया ने अपने नामांकन के दौरान जिलाधिकारी को दिए गए शपथ पत्र में अपनी संपत्ति का जो ब्योरा दिया है उसके मुताबिक उनके पास कुल 1.38 करोड़ की संपत्ति है। उनके पास न तो कोई कार है और न ही देश में कोई मकान। इटली में उनका एक पैतृक मकान है जिसकी कीमत 18.02 लाख रुपये है।
उनकी संपत्ति बेटे राहुल की संपत्ति से भी एक करोड़ कम ही है। राहुल ने पिछले दिनों अमेठी से नामांकन दाखिल किया था।
शपथ पत्र के मुताबिक सोनिया गांधी के पास मात्र 75,000 रुपये नकद है जबकि विभिन्न बैंकों में उनके 28.61 लाख रुपये जमा हैं। इसके अलावा उन्होंने लगभग 20 लाख रुपये म्यूचुअल फंड और 12 लाख रुपये रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के बांड में लगा रखे हैं।
शपथ पत्र के अनुसार सोनिया ने 1,99,000 रुपये डाकघरों में और 24.88 लाख रुपये पब्लिक प्रोविडेंट फंड में जमा कर रखे हैं।
आभूषणों की बात की जाए तो इस शपथ पत्र के मुताबिक उनके पास 11 लाख रुपये मूल्य का 2.5 किलोग्राम सोना और 18 लाख रुपये मूल्य का 88 किलोग्राम चांदी है। उनके पास लगभग 15 बीघा खेती की जमीन है लेकिन यह जमीन कहां हैं इसके बारे में शपथ पत्र में कोई जिक्र नहीं है।
उन्होंने वर्ष 2008-09 के दौरान 5,58,000 रुपये आयकर और 32,512 रुपये संपत्ति कर के रूप में जमा किया था।
शिक्षा के मामले में सोनिया गांधी ने इंस्टीट्यूट ऑफ त्यूरीन (इटली) से विदेशी भाषाओं (अंग्रेजी और फ्रेंच) का तीन वर्षीय कोर्स जबकि लेन्नोक्स कुक स्कूल, कैम्ब्रीज से अंग्रेजी भाषा में सर्टिफिकेट कोर्स किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications