पहले कारोबारी दिन शेयर बाजारों में तेजी (राउंडअप)
सुबह बढ़त के साथ खुले बाजारों ने अपनी तेजी कायम रखी और कारोबार के अंत में सेंसेक्स 10,500 व निफ्टी 3,250 के मनोवैज्ञानिक स्तर से ऊपर बंद हुआ।
सोमवार को दैनिक उपयोग की उपभोक्ता वस्तुओं के सूचकांक को छोड़कर लगभग सभी सेक्टरों के सूचकांकों ने तेजी के साथ कारोबार किया। टिकाऊ उपभोक्ता वस्तुओं के सूचकांक में सबसे अधिक 5.84 फीसदी की तेजी आई जबकि पूंजीगत वस्तुओं, धातु, वाहन और रियल्टी खंड के सूचकांकों में तीन फीसदी से अधिक की तेजी आई।
कारोबार के दौरान महिंद्रा एंड महिंद्रा, रिलायंस कम्युनिकेशंस, लार्सन एंड टूब्रो, एचडीएफसी और रिलायंस इंफ्रा के शेयरों में तेजी आई।
बंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक 'सेंसेक्स' सोमवार को पिछले बंद के मुकाबले 173 अंकों की तेजी के साथ 10,521.78 अंक पर खुला। दिन का कारोबार खत्म होने पर यह 186.04 अंकों की तेजी के साथ 10,534.87 पर था। कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने 10,654.89 के उच्चतम और 10,410.44 के न्यूनतम स्तर पर कारोबार किया।
बीएसई के मिडकैप व स्मालकैप सूचकांकों में भी सोमवार को बढ़त आई। मिडकैप सूचकांक 77.66 अंक की तेजी के साथ 3,203.08 पर और स्मालकैप सूचकांक 110.32 अंक यानी 3,547.24 के स्तर पर बंद हुआ।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक 'निफ्टी' 0.30 अंक ऊपर 3,211.35 पर खुला। दिन के कारोबार के अंत में यह 45.55 अंकों की बढ़त के साथ 3,256.60 पर था। निफ्टी ने आज 3,303.90 के ऊपरी और 3,211.35 के निचले स्तर को छुआ।
बीएसई में दिन के कारोबार में 1,859 कंपनियों के शेयरों की कीमतों में तेजी आई जबकि 633 कंपनियों के शेयरों की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications