नागरिकों को लिट्टे के कब्जे से रिहा कराने के लिए रणनीतिक कार्रवाई आरंभ
रक्षा मंत्रालय ने सोमवार को कहा कि मुल्लइतिवु के 17 वर्ग किलोमीटर के तटीय इलाके में फंसे लोगों को लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम (लिट्टे) के कब्जे से मुक्त कराने के लिए कार्रवाई आरंभ हो गई है।
लिट्टे के मजबूत गढ़ पुथुकुदियिरुप्पु पर कब्जा करने के एक दिन बाद सेना ने यह अभियान आरंभ किया है। पिछले तीन दशक में इस स्थान पर लिट्टे ने कई सैनिक और नौसैनिक अड्डे बना लिए थे। लिट्टे को रविवार को सबसे बड़ी पराजय का सामना करना पड़ा और उसके 450 से अधिक गुरिल्ला लड़ाई में मारे गए। इनमें 12 से अधिक शीर्ष कमांडर शामिल हैं।
श्रीलंका के राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे ने रविवार रात को कहा कि वर्तमान लड़ाई लिट्टे के खिलाफ सैनिक अभियान को खत्म कर देगी। उन्होंने लिट्टे नेतृत्व से हजारों नागरिकों को रिहा करने और संपूर्ण विनाश से बचने के लिए सुरक्षा बलों के सामने आत्मसमर्पण करने को कहा।
राजपक्षे ने कहा कि लिट्टे अब सेना के दबाव का सामना नहीं कर पा रहा है और नागरिकों का उपयोग सुरक्षा के लिए कर रहा है। उन्होंने कहा कि लिट्टे के सामने केवल आत्मसमर्पण करने का रास्ता बचा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications