जोरदार स्वागत के बीच सोनिया ने रायबरेली से नामांकन भरा (लीड-1)
रायबरेली कांग्रेस कार्यालय से लेकर जिलाधिकारी कार्यालय तक सोनिया और उनके बेटे व कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी ने रोड शो किया। इस दौरान सोनिया गांधी जिंदाबाद, सोनिया तुम संघर्ष करो हम तुम्हारे साथ हैं, के नारे गूंज रहे थे।
सोनिया का काफिला जिस रास्ते से गुजर रहा था हजारों की संख्या में मौजूद लोग उन पर फूलों की बारिश कर रहे थे। सड़कें गुलाब के फूलों की पंखुड़ियों से पट गई थीं।
कांग्रेस के झंडे और सोनिया की तस्वीर लगी टोपी पहनकर जिले के अलग-अलग हिस्सों से आई महिलाओं का अभिवाद कांग्रेस अध्यक्ष हाथ हिलाकर स्वीकार कर रही थीं।
प्रदेश कांग्रेस इकाई के प्रवक्ता अखिलेश प्रताप सिंह ने बताया कि सोनिया ने दोपहर करीब 12.30 बजे रायबरेली के जिलाधिकारी कार्यालय में अपना पर्चा दाखिल किया। इस दौरान उनके साथ राहुल गांधी व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रीता बहुगुणा जोशी भी मौजूद थीं।
पर्चा दाखिल करने से पहले सोनिया ने पार्टी कार्यालय में हवन भी करवाया।
सोनिया के रायबरेली आगमन को देखते हुए पूरा शहर कांग्रेस के झंडों और बैनरों से पटा हुआ था। हजारों की संख्या में समर्थक सोमवार सुबह से ही उनके स्वागत के लिए जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर जमा थे। उनके आगमन को देखते हुए रायबरेली में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे।
रायबरेली के पुलिस प्रमुख तरुण गाबा ने बताया कि जिलाधिकारी कार्यालय से लेकर शहर में जहां-जहां सोनिया के कार्यक्रम थे वहां-वहां सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए थे।
इंडो-एशयिन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications