विदेश में भी भारतीय ईवीएम की मांग
नई दिल्ली, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। भारत में बनी इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) की मांग देश में ही नहीं बल्कि विदेश में भी तेजी से होने लगी है। नेपाल और भूटान के बाद अब अफ्रीकी देश भी भारतीय ईवीए के जरिए अपने यहां मतदान संपन्न करवाना चाहते हैं।
नामीबिया की सरकार ने वोटिंग मशीनों के लिए आर्डर भी दे दिया है। घाना, दक्षिण अफ्रीका और नाइजीरिया ने भी इसमें रुचि दिखाई है।
ईपीएम की पहुंच भारत के पड़ोसी देशों में पहले ही बन चुकी है। पिछले साल नेपाल और भूटान ने भारतीय ईवीएम के जरिए चुनाव संपन्न करवाए थे। अब श्रीलंका और बांग्लादेश भी ईवीएम के प्रति रुचि दिखा रहे हैं।
ईवीएम का उत्पादन करने वाली बेंगलुरू स्थित कंपनी भारत इलेक्ट्रानिक्स लिमिटेड (बीईएल) के महाप्रबंधक अमोल नेवास्कर ने बताया, "हाल ही में नेपाल को विदेश मंत्रालय के माध्यम से 470 ईवीएम की आपूर्ति की गई है। अब नामीबिया के साथ बातचीत चल रही है और एक अनुबंध पर दस्तखत किए गए हैं। नामीबिया 2,000 ईवीएम चाहता है लेकिन उत्पादन अभी शुरू नहीं हुआ है।"
बीईएल के अलावा हैदराबाद स्थित इलेक्ट्रानिक्स कार्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (ईसीआईएल) भी ईवीएम का उत्पादन करती है। ईसीआईएल के अध्यक्ष के. एस. राजशेखर राव बताया कि भूटान में पिछले साल के चुनाव के लिए 4,140 ईवीएम की आपूर्ति की गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**


Click it and Unblock the Notifications