राबड़ी मामले में लालू पड़े नरम, नीतीश का रुख आक्रामक
राबड़ी देवी के पति व रेल मंत्री लालू ने मामले को ठंडा करने के लिए मजाकिया लहजे में सोमवार को पटना में पत्रकारों से सिर्फ इतना कहा 'नीतीश मेरे छोटे भाई हैं।'
इधर, नीतीश कुमार ने सोमवार को इस मामले को न्यायालय में ले जाने की बात दोहरायी। उन्होंने कहा कि ऐसे बयानों के बाद किसी को माफ नहीं किया जा सकता। पटना में पत्रकारों से उन्होंने कहा कि एक सभ्य समाज में सार्वजनिक जीवन जी रहे लोगों को ऐसे बयान देने के बाद सार्वजनिक जीवन में रहने का हक नहीं है। उन्होंने कहा कि पार्टी इस मामले में आगे कारवाई करने पर विचार कर रही है।
उधर, मुंगेर में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए जदयू के प्रदेश अध्यक्ष ललन सिंह ने कहा कि ऐसे लोगों को मतदाता कैसे वोट दे सकते हैं, जो सार्वजनिक मंच पर भी गाली-गलौज की भाषा बोलते हैं। उन्होंने कहा कि यह जदयू के लिए चुनावी मुद्दा बन गया है।
उल्लेखनीय है कि शनिवार को राबड़ी देवी ने छपरा में एक चुनावी सभा में नीतीश कुमार और ललन सिंह पर बेहद व्यक्तिगत टिप्पणी की थी। इसके बाद जदयू के एक प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को राज्य निर्वाचन विभाग से इसकी शिकायत की। इसके बाद रविवार देर रात राबड़ी देवी के खिलाफ सारण जिले के भेल्दी थाना में सार्वजनिक मंच से अपशब्द का प्रयोग करने का मामला दर्ज किया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications