पाकिस्तानः कंटेनर में मिले 46 शव

पाकिस्तान के क्वेटा क्षेत्र में एक कंटेनर से 46 शव बरामद किए गए हैं. ये शव उन लोगों के हैं जिन्हें ग़ैर क़ानूनी तरीक़े से देश के बाहर ले जाया जा रहा था.
बताया जा रहा है कि कंटेनर में लोगों को ग़ैर क़ानूनी तरीके से देश के बाहर ले जाने की कोशिश की जा रही थी. पर इस कोशिश के दौरान यह हादसा हुआ और 46 लोगों की कंटेनर के अंदर दम घुट जाने से मृत्यु हो गई है.
बीबीसी के स्थानीय संवाददाता ने बताया कि कंटेनर से जब लोगों को निकालकर गिनती की गई तो उससे कुल 95 लोग बरामद हुए. इनमें से 46 तो मृत अवस्था में थे जबकि बाकी के लोगों को बेहोशी की स्थिति में पाया गया. इन्हें क्वेटा के अस्पताल में पहुंचाया गया है.
बताया जा रहा है कि कंटेनर में जिन लोगों को बाहर ले जाने की कोशिश हो रही थी, उनमें से अधिकतर अफ़्ग़ानी थे. इन लोगों का कहना है कि वे रोज़गार के लिए ईरान जाना चाह रहे थे.
रोज़ी की ख़ातिर...
कंटेनर से लोगों को बाहर ले जाने की इस कोशिश का पता तब चला जब लोगों को क्वेटा के पास हज़ार गंजी के अड्डे पर खड़े एक कंटेनर से दुर्गंध आई.
लोगों को इस कंटेनर में मौजूद सामान पर शक हुआ और फिर इसे खोला गया. खोलने पर बहुत से लोगों को मृत और बहुत से लोगों को बेहोश पाया गया.
ज़िंदा बच जाने वाले एक व्यक्ति हाशिम ख़ान ने होश में आने के बाद बीबीसी को बताया कि वह कंटेनर में अफ़्ग़ानिस्तान से आ रहे थे लेकिन वो ख़ुद हज़ार गंजी में ही बैठे थे. उन्होंने बताया कि ये कंटेनर क़ंधार और स्पनबुलदक से होते हुए चमन के रास्ते पाकिस्तान में दाख़िल हुआ था.
हाशिम ख़ान ने कहा कि क्वेटा के एक एजेंट ने प्रति व्यक्ति चार लाख तमन के बदले उनसे ईरान ले जाने का वादा किया था.
उन्होंने कहा कि उन्हें शनिवार को दोपहर में कंटेनर में बिठाया गया था. उन्होंने कहा कि जब उनका दम घुटने लगा तो उन्होंने दरवाज़ा खोलने की कोशिश की लेकिन वह बंद था. उसके बाद वो बेहोश हो गए.


Click it and Unblock the Notifications