इस्लामाबाद में आत्मघाती हमला, 4 मरे

पाकिस्तान में इस्लामाबाद में सुरक्षा नाके के पास हुए आत्मघाती हमले में अर्धसैनिक बलों के पाँच जवानों की मौत हो गई है और कई घायल हुए हैं.
धमाके के बाद गोलीबारी की आवाज़ भी सुनी गई. पुलिस का कहना है कि आत्मघाती हमले में कम से कम अर्धसैनिक बल के पांच जवानों की मौत हो गई और कई घायल हुए हैं. बीबीसी संवाददाता बारब्रा प्लेट के मुताबिक पहले ज़ोरदार धमाका हुआ जिसके बाद गोलीबारी शुरु हो गई. धमाके के बारे में ज़्यादा जानकारी नहीं मिल पाई है.
पुलिस ने इलाक़े की घेराबंदी कर ली है और टीवी पर हो रहे सीधे प्रसारण में घटनास्थल पर एम्बुलेंस खड़ी दिखाई गई हैं. आस-पास के इलाक़ों की इमारतों की कितना नुकसान हुआ है इसकी जानकारी नहीं मिली है. पिछले कुछ महीनों में पाकिस्तान में चरमपंथी हमलों में तेज़ी आई है. इस्लामाबाद में सुरक्षाबलों पर पिछले दो हफ़्तों में ये दूसरा हमला था.
कुछ दिन पहले ही लाहौर में एक पुलिस प्रशिक्षण केंद्र में बंदूकधारियों ने लोगों को बंधक बना लिया था. इस हमले में आठ चरमपंथियों और आठ पुलिसकर्मियों समेत 18 लोग मारे गए थे और एक चरमपंथी को पकड़ भी लिया गया था.
बाद में तालेबान के प्रमुख नेता बैतुल्ला महसूद ने बीबीसी से बातचीत में स्वीकार किया था कि लाहौर में पुलिस अकादमी पर हुए हमले में उनके गुट का हाथ था. मार्च में लाहौर में ही श्रीलंका क्रिकेट टीम पर हमला किया गया था जिसमें कई खिलाड़ी घायल हो गए थे और कई पुलिसकर्मी मारे गए थे.


Click it and Unblock the Notifications