नफीसा अली लखनऊ से सपा प्रत्याशी

लोकसभा चुनाव में लखनऊ से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लालजी टंडन और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के अखिलेश दास को चुनौती देने के लिए सपा ने पहले संजय दत्त को लखनऊ से टिकट दिया था, लेकिन संजू बाबा को सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव लड़ने से रोक दिया। अब सपा अपने तरकश से अगला तीर नफीसा अली के रूप में निकाला है।
सपा महासचिव अमर सिंह की यह बात कि लखनऊ से वो किसी अभिनेता या अभिनेत्री को ही टिकट देंगे, नफीसा अली की दावेदारी को पहले ही मजबूत कर दिया था। पिछले चुनाव में दक्षिणी कोलकाता से चुनाव लड़ चुकीं नफीसा अली कांग्रेस छोड़कर सपा में आने को तैयार हो गई हैं। वहीं पिछले चुनाव में सपा ने लखनऊ से मुजफ्फर अली को मैदान में उतारा था।
मान्यता और सर्किट की संभावनाएं खत्म
नफीसा अली के नाम पर सपा के आला कमान की मुहर लगने के बाद संजय दत्त की पत्नी मान्यता दत्त और मुन्ना भाई के सर्किट यानी अरशद वारसी की संभावनाएं खत्म हो गईं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक पिछले एक दो दिन से इस बात के कयास लगाये जा रहे थे कि सपा के राष्ट्रीय महासचिव 'मुना भाई' अपने मित्र सर्किट यानी अरशद वारसी को लखनऊ से टिकट दिलाने के प्रयास में हैं। असल में पिछले दिनों अमर सिंह ने कहा था कि अगर संजय चुनाव नहीं लड़ सके तो वो मान्यता को टिकट देंगे।
अब देखना यह है कि इस लोकसभा चुनाव में सपा की नफीसा राजनीति के दिग्गजों को कितनी टक्कर दे पाती हैं। यह बात तो तय है कि संजय दत्त भले ही चुनाव नहीं लड़ रहे हैं, लेकिन नफीसा अली के लिए लखनऊ में प्रचार जरूर करेंगे। अब चाहे मान्यता मैदान में हों या नहीं, संजू बाबा को पार्टी से किया हुआ वादा तो निभाना ही पड़ेगा।


Click it and Unblock the Notifications