दूसरे दिन के स्कोर एक विकेट पर 51 रनों से आगे खेलते हुए भारतीय टीम ने द्रविड़, सचिन तेंदुलकर, गंभीर और लक्ष्मण के विकेट गवाएं। द्रविड़ और सचिन कीवी कप्तान डेनियल विटोरी का शिकार बने। लक्ष्मण ने 61 और द्रविड़ ने 60 रनों की पारी खेली। मास्टर ब्लास्टर सचिन नौ रन बनाकर पेवेलियन लौटे। दूसरे दिन गंभीर ने बेहतरीन 167 रन बनाए। उनके टेस्ट करियर का यह छठा शतक है। दूसरे टेस्ट मैच में भी गंभीर ने 137 रनों की पारी खेलकर भारत की हार को टालने में अहम भूमिका निभाई थी। युवराज सिंह 15 और कप्तान महेंद्र सिंह धौनी 16 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। भारत ने पहली पारी में सचिन, द्रविड़ और हरभजन सिंह के अर्धशतकों की बदौलत 379 रनों का स्कोर खड़ा किया था।तीसरे दिन भारतीय टीम के दूसरी दीवार गंभीर ने कीवी गेंदबाजों की एक न चलने दी। उन्होंने द्रविड़ के साथ दूसरे विकेट के लिए 170 रनों की अहम साझेदारी की। उन्होंने अपनी 167 रनों की पारी में 257 गेंदों का सामना किया और 16 चौके व दो छक्के जड़े। इयान ओब्रायन की गेंद पर पगबाधा करार दिए जाने तक गंभीर टीम को 500 से ज्यादा की बढ़त दिला चुके थे।गंभीर के अलावा लक्ष्मण और द्रविड़ ने अपने कद और अनुभव का बेहतरीन नमूना पेश किया। कलात्मक बल्लेबाज लक्ष्मण ने 61 रनों की पारी में गेंद को नौ बार सीमा रेखा के बाहर पहुंचाया। ओब्रायन ने लक्ष्मण को बोल्ड कर इस पारी में अपना दूसरा विकेट लिया। द्रविड़ तीसरे दिन की खेल की शुरुआत में थोड़ा असहज दिखे लेकिन जल्द ही उन्होंने लय पकड़ ली। उन्होंने न सिर्फ 60 रनों की पारी खेली बल्कि गंभीर के साथ मिलकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। उन्होंने 145 गेंदों का सामना किया और 10 चौके लगाए।भारतीय टीम को पहला झटका खेल के दूसरे सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के रूप में दूसरे दिन लगा था। सहवाग 12 रन बनाकर क्रिस मार्टिन का शिकार बने थे। मैच का दूसरा दिन कप्तान धौनी के लिए एक अलग मायने में बेहद खास रहा था। उन्होंने दूसरे दिन विकेट के पीछे छह कीवी बल्लेबाजों के बल्लों को छूकर निकली गेंदों को अपने दास्ताने में समेट लिया था। इसी के साथ वह एक पारी में सबसे ज्यादा कैच पकड़ने वाले भारतीय विकेटकीपर बन गए। इससे पहले यह कीर्तिमान सैयद किरमानी के नाम दर्ज था जिन्होंने न्यूजीलैंड के ही खिलाफ पांच शिकार किए थे।दूसरे दिन जहीर खान की अगुवाई में भारतीय गेंदबाजों ने कीवी टीम को पहली पारी में 197 रनों पर समेट दिया था। जहीर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए न्यूजीलैंड के पांच बल्लेबाजों को पेवेलियन की राह दिखाई थी। हरभजन ने भी तीन विकेट झटके थे।उल्लेखनीय है कि श्रृंखला में पहला मैच 10 विकेट से जीतकर भारत 1-0 से बढ़त बनाए हुए है।इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।