सोनिया के आवास के बाहर प्रदर्शन करेंगे सिख
चंडीगढ़, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा कांग्रेस नेता जगदीश टाइटलर को 1984 के सिख दंगे के मामले में क्लीन चिट दे दिए जाने से नाराज विभिन्न सिख संगठनों ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के आवास के बाहर मंगलवार को विरोध प्रदर्शन आयोजित करने की घोषणा की है।
सिखों की सर्वोच्च संस्था अकाल तख्त ने 10 जनपथ पर आयोजित किए जाने वाले विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए सिखों का आह्वान किया है।
अकाल तख्त के जत्थेदार गुरबचन सिंह ने सिख समुदाय से अपील की है कि शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) द्वारा आयोजित विरोध प्रदर्शन में अधिक से अधिक संख्या में दिल्ली पहुंचे।
गुरबचन सिंह ने अमृतसर में कहा, "सिखों को दंगा पीड़ितों के साथ किए गए इस अन्याय के खिलाफ संगठित होकर विरोध करना चाहिए।"
सीबीआई ने टाइटलर को यह कहते हुए मामले से बरी कर दिया कि उनके खिलाफ उपलब्ध सबूत विश्वसनीय नहीं हैं।
ज्ञात हो कि टाइटलर उत्तर पूर्व दिल्ली लोकसभा सीट से कांगेस उम्मीदवार हैं।
अकाल तख्त के जत्थेदार ने सिख संगठन दमदमी टकसाल द्वारा आयोजित रेल रोको आंदोलन का भी समर्थन किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications