राजद का घोषणा पत्र जारी, बिहार को विकसित राज्य बनाने का वादा (लीड-1)
घोषणा पत्र में कहा गया है कि राजद अगर सत्ता में आती है तो बिहार को विशेष पैकेज देकर इसे विकसित राज्यों की श्रेणी में लाया जाएगा। इसके अतिरिक्त बिहार में लोगों को मूलभूत सुंविधाएं मुहैया कराने के लिए विभिन्न योजनाएं जमीन पर उतारी जाएंगी।
घोषणा पत्र में पिछले वर्ष कोसी नदी में आई बाढ़ का जिक्र करते हुए कहा गया है कि अगर राजद सत्ता में भागीदार हुई तो केन्द्र में बनने वाली सरकार पर नेपाल से आने वाले अनियंत्रित पानी को रोकने के लिए भारत तथा नेपाल के बीच द्विपक्षीय वार्ता के लिए सरकार पर दबाव डाला जाएगा।
लालू प्रसाद द्वारा जारी घोषणा पत्र में कहा गया है कि अगर राजद की सरकार बनती है तो सांप्रदायिकता को आतंकवाद की श्रेणी में रखा जाएगा तथा संविधान में संशोधन कर गरीब सवर्णों को भी नौकरियों में आरक्षण दिया जाएगा। दलित मुसलमानों को आरक्षण का लाभ देने के साथ ही निजी क्षेत्र और न्यायपालिका में भी आरक्षण देने की बात घोषणा पत्र में कही गई है।
घोषणा पत्र में वादा किया गया है कि आगामी चुनाव में अगर राजद दिल्ली की गद्दी पर काबिज होती है तो गरीबों को डेढ़ रुपए किलो गेहूं तथा दो रुपए किलो चावल दिया जाएगा। इसके अलावे ग्राम पंचायत और नगर निगम को और ज्यादा अधिकार दिया जाएंगे।
घोषणा पत्र जारी करने के बाद लालू प्रसाद ने कहा कि केन्द्र में सरकार संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) की ही बनेगी और इसमें राजद की महत्वपूर्ण भूमिका होगी जिससे राजद अपनी घोषणा पत्र में किए गए वादे को लागू करवा सकेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications