पाकिस्तान में आत्मघाती हमले में 24 मरे, 35 घायल (लीड-5)

इस्लामाबाद, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में इस्लामाबाद से करीब 100 किलोमीटर दक्षिण में स्थित चकवाल शहर में एक किशोर आत्मघाती हमलावर ने खुद को एक शिया इमामबाड़ा के सामने उड़ा लिया, जिसमें चार बच्चों सहित 24 लोगों की मौत हो गई और 35 अन्य घायल हो गए।

चकवाल शहर के इस शिया इमामबाड़े में रविवार को वार्षिक मजलिस अजा का आयोजन किया गया था जिसमें भारी संख्या में श्रद्धालु जुटे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विस्फोट के समय बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रार्थना के बाद अपने गंतव्य को लौटने के लिए मुख्य द्वार के पास जमा थे। यही वजह है कि विस्फोट में बड़ी संख्या में लोग हताहत हुए।

समाचार चैनल जियो टीवी के मुताबिक इस शक्तिशाली विस्फोट में चार बच्चों सहित 24 लोगों की मौत हो गई। हादसे में 20 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि चार ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।

घायलों को चकवाल जिला मुख्यालय अस्पताल और रावलपिंडी के चिकित्सा केंद्रों में भर्ती कराया गया है।

एक प्रत्यक्षदर्शी ने डान न्यूज को बताया कि काले कपड़े पहने एक 17 वर्षीय युवा एक कार से उतरा और इमामबाड़े के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने खुद को उड़ा लिया।

इस बीच पुलिस ने जांच के लिए घटनास्थल की घेराबंदी कर दी है।

आंतरिक मंत्रालय के प्रमुख रहमान मलिक ने कहा कि राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने घायलों को इस्लामाबाद के अस्पतालों में लाने के लिए दो हेलीकाप्टर भेजे हैं।

जिला पुलिस अधिकारी बी.एन.नासिर ने एक्सप्रेस टेलीविजन को बताया कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। गंभीर रूप से घायल लोगों को रावलपिंडी स्थानांतरित किया गया है।

इमामबाड़े पर हमले के समय करीब 1,500 शिया मुसलमान वहां एकत्र हुए थे। पुलिस ने कहा कि यदि हमलावर इमामबाड़े के भीतर प्रवेश करने में सफल हो गया होता तो मृतकों की संख्या और अधिक बढ़ सकती थी। विस्फोट से मस्जिद के बाहर खड़ी आधा दर्जन कारें भी क्षतिग्रस्त हो गईं।

समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार चकवाल हमला तालिबान की रणनीति का हिस्सा हो सकता है। तालिबान ने चेतावनी दी है कि वह देश के भीतर हमलों को तेज करेगा जब तक कि सरकार कबायली इलाकों में अमेरिका की ओर से किए जा रहे ड्रोन हमले पर रोक नहीं लगाती।

इससे पहले शनिवार को इस्लामाबाद के पॉश इलाके में एक आत्मघाती हमले में अर्धसैनिक बलों के 8 सदस्यों की मौत हो गई थी और 12 अन्य घायल हो गए थे।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+