उत्तर कोरिया ने बैलिस्टिक मिसाइल का प्रक्षेपण किया (लीड-3)
उत्तर कोरिया का कहना है कि राकेट का प्रक्षेपण एक संचार उपग्रह को कक्षा में स्थापित करने के लिए था लेकिन जापान, दक्षिण कोरिया और अमेरिका का विश्वास है कि प्रक्षेपण का उद्देश्य बैलिस्टिक मिसाइल का परीक्षण करना था।
उत्तर कोरिया के सरकारी रेडियो ने रविवार को कहा कि 'क्वांगमायोगसांग-2' नामक एक उपग्रह को सफलतापूर्वक कक्षा में स्थापित कर दिया गया।
अधिकारियों ने कहा कि स्थानीय समयानुसार 11.30 बजे दिन में कोरिया के पूर्वी तट पर स्थित प्रक्षेपण केंद्र से राकेट का प्रक्षेपण किया गया।
अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कहा कि उत्तर कोरिया ने 'उकसाने' वाला कदम उठाया है।
ओबामा द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि उत्तर कोरिया का यह कदम पूर्वोत्तर एशियाई क्षेत्र और अंतर्राष्ट्रीय शांति व सुरक्षा के लिए खतरा है। उन्होंने कहा कि रॉकेट का प्रक्षेपण कर उत्तर कोरिया ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव का उल्लंघन किया है।
ओबामा ने कहा कि वह इस मुद्दे को जापान और दक्षिण कोरिया के साथ सुरक्षा परिषद में उठाने का प्रयास करेंगे।
इससे पहले जापान ने भी इस मुद्दे पर सुरक्षा परिषद की आपात बैठक बुलाने की मांग की है।
प्रक्षेपण की पुष्टि होने के तुरंत बाद जापान सरकार ने विरोध प्रकट करते हुए इसे क्षेत्रीय शांति और सुरक्षा के लिए खतरनाक कार्रवाई बताया। प्रधानमंत्री तारो आसो ने इस कार्य की निंदा करते हुए कहा कि इसकी अनदेखी नहीं की जा सकती।
इस मसले पर चर्चा के लिए रविवार दोपहर बाद संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की आपात बैठक बुलाई गई।
जापान सरकार की 13 अप्रैल को समाप्त होने जा रहे उत्तर कोरिया पर लगे आर्थिक प्रतिबंधों को और एक वर्ष के लिए बढ़ाने की योजना है।
संयुक्त राष्ट्र प्रवक्ता कार्यालय के मुताबिक 15 सदस्यीय सुरक्षा परिषद की बैठक अंतर्राष्ट्रीय समय के मुताबिक शाम साते बजे शुरू होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications