आतंकवाद पर अपना रिकार्ड तो देखे भाजपा : सोनिया
गोरखपुर जिले के बांसगांव में एक रैली को संबोधित करते हुए सोनिया ने कहा कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर आरोप लगाने से पहले भाजपा को अपने गिरेबां में झांकना चाहिए। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के शासन काल में हुए दंगे उसे क्यों याद नहीं रहते।
उन्होंने कहा, "हमारे ऊपर ऊंगली उठाने से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी को यह स्मरण करना चाहिए कि राजग शासन काल में ही संसद पर हमला हुआ और गुजरात में दंगे हुए।"
आडवाणी पर चुटकी लेते हुए सोनिया ने कहा, "कंधार में आतंकवादियों के सामने घुटने वाली सरकार में गृह मंत्री रहे आडवाणी अब प्रधानमंत्री बनने का ख्वाब बुन रहे हैं।"
इससे पहले देवरिया जिले के सलेमपुर में एक रैली को संबोधित करते हुए सोनिया ने संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार की उपलब्धियां गिनाइर्ं। उन्होंने किसानों की कर्ज माफी और ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना से लेकर मिड डे मिल योजना का जिक्र किया।
उन्होंने कहा कि संप्रग सरकार ने स्वास्थ्य व शिक्षा के क्षेत्र में बहुत काम किया है और साथ ही महिलाओं को सशक्त बनाने में भी कोई कसर नहीं छोड़ी।
उन्होंने कहा, "राजनीतिक दल आज जाति-पाति के नाम पर आप से वोट मांग रहे हैं। मैं आप लोगों से अनुरोध करूंगी कि उस पार्टी को अपना वोट दें जिसने देश में विकास का काम सुनिश्चित किया है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications