पाकिस्तान में इमामबाड़े पर आत्मघाती हमले में 22 की मौत (लीड-4)
चकवाल शहर के जिला अस्पताल के एक चिकित्सक ने 'डान न्यूज' को बताया कि 22 शवों को अस्पताल लाया गया है।
राज्य के कानून मंत्री राना सनाउल्लाह ने बताया कि कम से कम 22 लोगों की मौत हुई और 50 से अधिक घायल हैं। इनमें अधिकतर की स्थिति चिंताजनक है।
आतंरिक मंत्रालय के प्रमुख रहमान मलिक ने कहा कि राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने घायलों को इस्लामाबाद के अस्पतालों में लाने के लिए दो हेलीकाप्टर भेजे हैं।
एक प्रत्यक्षदर्शी ने डान न्यूज को बताया कि काले कपड़े पहने एक 17 वर्षीय युवा एक कार से उतरा और इमामबाड़े के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने खुद को उड़ा लिया।
जियो टीवी के अनुसार सरपाक मुहल्ला इमामबाड़ा में वार्षिक मजलिस अजा समारोह के दौरान आत्मघाती हमला हुआ।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार सुरक्षा गार्डो के चुनौती देने के बाद आत्मघाती हमलावर ने खुद को उड़ा लिया।
जिला पुलिस अधिकारी बी.एन.नासिर ने एक्सप्रेस टेलीविजन को बताया कि मृतकों की संख्या बढ़कर 35 तक पहुंचने की आशंका है। गंभीर रूप से घायल लोगों को रावलपिंडी स्थानांतरित किया गया है।
इमामबाड़े पर हमले के समय करीब 1,500 शिया मुसलमान वहां एकत्र हुए थे। पुलिस ने कहा कि यदि हमलावर इमामबाड़े के भीतर प्रवेश करने में सफल हो गया होता तो मृतकों की संख्या और अधिक बढ़ सकती थी। विस्फोट से मस्जिद के बाहर खड़ी आधा दर्जन कारें भी क्षतिग्रस्त हो गईं।
इससे पहले शनिवार को इस्लामाबाद के पॉश इलाके में एक आत्मघाती हमले में अर्धसैनिक बलों के 8 सदस्यों की मौत हो गई थी और 12 अन्य घायल हो गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications