ओबामा ने पेश किया परमाणु मुक्त दुनिया का दर्शन
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक कम्युनिस्ट देश उत्तर कोरिया द्वारा रॉकेट का प्रक्षेपण किए जाने के ठीक एक घंटे बाद ओबामा ने प्राग में जुटे हजारों लोगों को चेतावनी देते हुए कहा कि परमाणु हमले का खतरा बढ़ गया है।
ओबामा ने कहा कि परमाणु हथियारों के परीक्षण की घटनाएं बढ़ गई हैं और बम बनाने की प्रौद्योगिकी चारों तरफ फैल गई है। परिणामस्वरूप आतंकियों के हाथों में परमाणु बमों के जाने का खतरा भी बढ़ गया है।
ओबामा ने कहा, "वैश्विक परमाणु युद्ध का खतरा जहां कम हुआ है, वहीं परमाणु हमले का खतरा बढ़ गया है।"
पिछले सप्ताह रूस के साथ परमाणु हथियारों पर नई बातचीत के लिए किए गए समझौते के बाद ओबामा ने वर्तमान परमाणु हथियारों को नष्ट करने के लिए भी कुछ उपायों का प्रस्ताव किया।
इसके तहत नए देशों में परमाणु हथियारों का प्रसार रोकने और परमाणु हथियारों के उत्पादन में इस्तेमाल किए जाने वाली सामग्रियों पर प्रतिबंध लगाने जैसी बातें शामिल हैं।
ओबामा ने यह भी कहा कि मध्य यूरोप में विवादित प्रक्षेपास्त्र रक्षा प्रणाली की तैनाती का मामला ईरान पर निर्भर होगा।
ओबामा ने कहा कि यदि ईरान ने खुद को एक शांतिप्रिय परमाणु कार्यक्रम तक सीमित रखा तो अमेरिका मध्य यूरोप में प्रक्षेपास्त्र रक्षा प्रणाली स्थापित करने की अपनी योजना को वापस ले लेगा।
इंडो-एशिन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications