राहुल गांधी ने अमेठी से भरा नामांकन

लखनऊ। कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी ने अमेठी लोकसभा सीट से पार्टी प्रत्याशी के रूप में शनिवार को नामांकन भरा। उन्होंने सुल्तानपुर जिलाधिकारी कार्यालय में अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया।
दोपहर करीब 12 बजे राहुल नामांकन दाखिल करने के लिए सुल्तानपुर जिलाधिकारी के कार्यालय पहुंचे। राहुल के साथ उनकी मां व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और प्रदेश इकाई की अध्यक्ष रीता बहुगुणा जोशी भी मौजूद थीं।
राहुल ने दो सेट में अपना नामांकन का पर्चा पीठासीन अधिकारी के समक्ष दिया और शपथ ली। वह लगभग 25 मिनट तक पीठासीन अधिकारी के कक्ष में रहे और बाहर आने के बाद मीडिया से बिना बात किए चले गए।
अमेठी में दूसरे चरण में 23 अप्रैल को चुनाव होना है। दूसरे चरण में नामांकन का आज अंतिम दिन है। राहुल ने पिछले लोकसभा चुनाव के दौरान सक्रिय राजनीति में कदम रखा था और वह अमेठी लोकसभा सीट से ही सांसद चुने गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications