प्रियंका गांधी के ससुर ने फांसी लगाई

प्रियंका गांधी के ससुर राजिंदर का शव पुलिस ने गेस्ट हाउस के पंखे से लटका हुआ पाया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, “दिल्ली के हौजखास क्षेत्र में गेस्टहाउस सिटी इन में राजिंदर पंखे से लटके मिले। उन्होंने फांसी लगाने के लिए तार का इस्तेमाल किया। रूम अटेंडेंट ने उनको पंखे से लटके हुए सुबह करीब 9.30 बजे देखा"।
अधिकारी ने कहा, “गेस्टहाउस कर्मचारियों ने उन्हें तत्काल साकेत स्थित अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के लिए शव सफदरजंग अस्पताल भेज दिया गया है"।
पिता और भाई को नोटिस भेजा था
60 वर्षीय वडेरा पिछले कुछ समय से बीमार थे और उनका लिवर संबंधित बीमारी का इलाज चल रहा था। वह इस गेस्टहाउस में पिछले कुछ समय से रह रहे थे। पोस्टमार्टम के बाद उनका शव उनके पुत्र रॉबर्ट वाडेरा को सौंप दिया गया। जिसके बाद उनका अंतिम संस्कार लोधी रोड शवदाह गृह में किया गया।
राजिंदर वाडेरा उत्तरप्रदेश के मुरादाबाद में सिविल लाइंस इलाके में रहते थे और वहां पीतल और लकड़ी से जुड़े शिल्पकला का व्यापार करते थे। करीब सात-आठ साल पहले रॉबर्ट वाडेरा ने अपने पिता और बड़े भाई रिचर्ड को नोटिस भेजा था जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि प्रियंका से उनके रिश्ते का फायदा उठाते हुए वे उत्तरप्रदेश कांग्रेस कमेटी और मुरादाबाद जिला कांग्रेस कमेटी में लोगों की नियुक्तियां करवाते हैं।
अपने परिवार से अलग रह रहे राजिंदर वाडेरा ने बेटे के आरोप से इंकार किया था और प्रियंका से उनकी शादी पर नाखुशी जताई थी। कुछ वर्ष पहले राजिंदर की बेटी मिशेल की भी एक कार दुर्घटना में मौत हो गई थी।


Click it and Unblock the Notifications