भारत के साथ सहयोग फलदायी साबित होगा : अमेरिका
वाशिंगटन, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। अपने कूटनीतिक एजेंडे में भारत को महत्वपूर्ण सहयोगी करार देते हुए अमेरिका ने कहा है कि आतंकवाद और अन्य चुनौतियों से निपटने में वह भारत के साथ सहयोग के और अधिक बढ़ने की उम्मीद कर रहा है।
लंदन में सम्पन्न विकसित और उभरती अर्थव्यवस्थाओं के समूह जी-20 की बैठक के नतीजों के बारे में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता राबर्ट ए. वुड ने शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा, "भारत के साथ व्यापक मोर्चे पर हमारा अच्छा और बेहतर संबंध है।"
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और राष्ट्रपति बराक ओबामा ने जी-20 सम्मेलन के मौके पर मुलाकात की थी। उस मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं ने पाकिस्तान में पैदा हो रहे आतंकवाद और अन्य मुद्दों पर चर्चा की थी।
वुड ने कहा, "लेकिन हमारे सामने संयुक्त रूप से कुछ चुनौतियां है जिसमें से एक है आतंकवाद।" उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति ओबामा और विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन दोनों भारत के साथ संबंधों को मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
उन्होंने कहा कि आतंकवाद से निपटने के मामले में अमेरिका और भारत के बीच काफी अच्छा सहयोग है। हालांकि उन्होंने यह बातने से इंकार कर दिया कौन सी ऐसी चीज है जिसपर दोनों मिलकर काम कर रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications