कपिल सिब्बल, अहमद पटेल ने मुझे फंसाया : माया कोडनानी
अहमदाबाद, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। वर्ष 2002 के दंगों से कथित संबंधों के आरोप में गिरफ्तार गुजरात की पूर्व मंत्री माया कोडनानी ने शनिवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल और अहमद पटेल ने उनको और विश्व हिंदू परिषद के पूर्व राज्य महामंत्री जयदीप पटेल को गलत ढंग से फंसाया है।
शहर की मेट्रोपोलिटन अदालत द्वारा 24 घंटे की न्यायिक हिरासत में भेजे जाने के आदेश के बाद उन्होंने पत्रकारों से कहा, "हमें कपिल सिब्बल और अहमद पटेल ने गलत ढंग से फंसाया है।"
न्यायाधीश ने सर्वोच्च न्यायालय द्वारा नियुक्त विशेष जांच दल को कोडनानी को नरोदा पाटिया मामले में और पूछताछ के लिए रविवार को न्यायालय में पेश करने का आदेश दिया। न्यायालय ने जयदीप पटेल को भी साबरमती जेल भेजने का आदेश दिया।
अदालत कक्ष से बाहर आने के बाद पटेल ने कहा कि उन्होंने कैदियों के हंगामे को देखते हुए न्यायालय से साबरमती जेल के अंदर पुलिस सुरक्षा देने का आग्रह किया है। अदालत जेल कानूनों के भीतर सुरक्षा उपलब्ध कराने पर सहमत हो गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्वस।


Click it and Unblock the Notifications