चुनाव प्रचार से परहेज कर रहे हैं बालीवुड सितारे
मुंबई, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। इस बार चुनाव प्रचार में ग्लैमर का पुट देना राजनीतिक पार्टियों के लिए आसान नहीं रहा गया है, क्योंकि बॉलीवुड सितारे प्रचार का हिस्सा बनने से परहेज कर रहे हैं। यहां तक कि ऐसे उम्मीदवारों को भी सितारों का साथ हासिल करने में भारी कठिनाई हो रही है, जिनका रिश्ता खुद बॉलीवुड से रहा है।
फिल्मी सितारों की चुनाव प्रचार में घटती रुचि से दुखी भाजपा उम्मीदवार शत्रुघ्न सिन्हा कहते हैं, "हम फिल्म उद्योग के लोग एकजुटता और भाईचारे की बात करते हैं, लेकिन सच यह है कि हम आपस में बंटे हुए हैं। फिल्मी सितारों को प्रचार के लिए बुलाना वाकई कठिन हो गया है, जबकि मैंने खुद इस उद्योग में लंबी पारी खेली है।"
उन्होंने मायूसी भरे स्वर में कहा कि ये सितारे उनका साथ देने को इच्छुक नहीं हैं। वह कहते हैं, "मेरे ऊपर ज्यादा भार है। एक ओर जहां मुझे अपनी उम्मीदवारी का ख्याल रखना है, वहीं दूसरी ओर मुझ पर पार्टी के प्रचार की जिम्मेवारी है।"
फिल्मोद्योग के सूत्रों के मुताबिक कई अभिनेता अप्रैल में विदेश की सैर की तैयारी में हैं, वहीं कई अपने प्रोड्यूसरों को विदेश में लंबी शूटिंग की व्यवस्था करने को कह रहे हैं, ताकि भारत की गर्मी से बचकर विदेश की ठंड का लुत्फ उठाया जा सके। फिल्मकार मधुर भंडारकर कहते हैं, "मैं पूरे अप्रैल महीने में शूटिंग में व्यस्त रहूंगा। प्रचार में भाग लेने की फुर्सत किसे है?"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस


Click it and Unblock the Notifications