'लालू का प्रचार करेंगे संजय दत्त'
पटना। भारतीय राजनीति में सबसे बड़े प्रचारक माने जाने वाले लालू प्रसाद यादव का बिहार में प्रचार करने के लिए बॉलीवुड अभिनेता व समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव संजय दत्त भी आयेंगे। साथ में होंगे सपा के मुखिया ओर उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह।
आगामी लोकसभा चुनाव में लालू प्रसाद यादव का हाथ थामने के बाद सपा सुप्रीमो ने उनके प्रचार की जिम्मेदारी भी ली है। इसके तहत लालू भी मुलायम का प्रचार करने उत्तर प्रदेश जाएंगे।
संजय 10 अप्रैल को पहुंचेंगे बिहार
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के महासचिव एवं पार्टी चुनाव प्रचार अभियान समिति के अध्यक्ष रामकृपाल यादव ने शनिवार को बताया कि 10 अप्रैल को मुलायम सिंह यादव, संजय दत्त तथा अमर सिंह राज्य के चार लोकसभा क्षेत्रों बक्सर, गया, समस्तीपुर तथा किशनगंज में राजद तथा लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के प्रचार के दौरान चुनावी सभा को संबोधित करेंगे।
उन्होंने कहा कि राजद प्रमुख लालू प्रसाद भी उत्तर प्रदेश में सपा के लिए चुनाव प्रचार करेंगे और पहले चरण में वाराणसी तथा लखनऊ में आयोजित चुनाव सभाओं में भाग लेंगे। उल्लेखनीय है कि राजद, सपा तथा लोजपा बिहार और उत्तर प्रदेश में गठजोड़ के तहत चुनाव लड़ रही हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications