कांग्रेस और बसपा ने वरुण मामले को मुद्दा बनाया : नायडू
मध्य प्रदेश के चुनावी दौरे पर ग्वालियर पहुंचे नायडू ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) और बसपा ने साजिश रचकर वरुण गांधी को फंसाया है। उन्होंने कहा कि मुख्तार अंसारी जैसे लोगों पर तो कार्रवाई नहीं हो रही है, लेकिन एक युवा नेता को बेवजह फंसाया जा रहा है।
उन्होंने तीसरे मोर्चे पर चुटकी लेते हुए कहा, "वह तो महज 'पार्किंग स्थल' से ज्यादा नहीं है। जिसके पास न तो नेता है और न ही एजेंडा, चुनाव परिणाम आते ही इस मोर्चे के कुछ दांए चले जाएगें तो कुछ बांए और जो शेष रहेंगे वे वापस लौट जाएंगे।"
नायडू ने कहा कि कांग्रेस को गठबंधन चलाना ही नहीं आता और आगामी चुनाव के नतीजे यह बता भी देंगे क्योंकि कांग्रेस को चुनाव में दो अंक से ज्यादा सीटें ही नहीं मिलने वाली है। उन्होंने कहा कि भाजपा सबसे बड़े दल के रूप में उभरेगा और उसे 180 से 200 सीटें हासिल होंगी।
बिहार के राजनीतिक घटनाक्रम और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव तथा लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के राम विलास पासवान द्वारा कांग्रेस को गिनती की सीटें दिए जाने पर नायडू ने कहा, "अब राजनीति में छोटे दल ही बड़े दलों की रैगिंग लेने लगे हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications