लिट्टे का समुद्री हमला विफल,18 विद्रोही ढेर
सूत्रों के अनुसार विस्फोटकों से लदी तीन आत्मघाती नौकाओं सहित लिट्टे की 10 नौकाएं अलम्पिल और नायारु इलाकों की ओर बढ़ रहीं थीं। नौसेना के विशेष नौका दस्ते के रोकने पर उनमें संघर्ष आरंभ हुआ।
राष्ट्रीय सुरक्षा के मीडिया केंद्र से संलग्न एक रक्षा अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि समुद्री संघर्ष के दौरान लिट्टे की दो नौकाओं को ध्वस्त कर दिया गया और एक को क्षति पहुंची। तलाशी अभियान में नौसेना ने विद्रोहियों के 11 शव बरामद किए हैं।
उन्होंने बताया कि संघर्ष में दो नौसैनिक घायल हुए हैं और तीन नौकाओं को मामूली क्षति पहुंची है।
अधिकारी ने बताया कि उसी इलाके में कुछ ही घंटे बाद एक झड़प में सेना के जवानों ने लिट्टे की नौकाओं को डूबो दिया। रक्षा अधिकारी ने बताया, "इस घटना के बाद सेना के जवानों को सात शव बरामद हुए। लिट्टे के गुप्त संदेशों को सुनने पर पता चला है कि उसे काफी नुकसान पहुंचा है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications