प्रताडि़त किये जा रहे वरुण: भाजपा

नायडू का कहना है कि वरुण को एक छोटे से सेल में रखा गया है, जहां से वो किसी को देख भी नहीं सकते हैं। वरुण के साथ अमानवीय व्यवहार किया जा रहा है। एटा जिला कारागार के बाहर मीडिया से बातचीत में वैंकैया नायडू ने कहा कि वरुण गांधी बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस की सुनियोजित साजिश का शिकार हुए हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार पर आरोप लगाया है कि सरकार ने ही वरुण की सीडी के साथ छेड़-छाड़ की है। उन्होंने कहा कि सीडी में वरुण की आवाज नहीं है।
सरकार ने सफाई दी
उत्तर प्रदेश सरकार ने वैंकैया नायडू द्वारा लगाये गये आरोपों पर सफाई दी है। राज्य सरकार के एक प्रवक्ता ने जिलाधिकारी एटा की रिपोर्ट के हवाले से कहा कि वरुण को किसी भी प्रकार की यातना नहीं दी जा रही है। इसके अलावा उन्हें उच्चगुणवत्तायुक्त तथा स्वास्थ्य के लिए उपयुक्त और जेल मैनुअल के मानकों के अनुसार ही भोजन दिया जाता है।
प्रवक्ता का कहना है कि वरुण गांधी को कारागार के अहाता क्रमांक-8 के पृथक वास में रखा गया है और अन्य कैदियों के साथ रखे जाने का उनका कथन भी असत्य है। गांधी की सुरक्षा के भी पूर्ण प्रबन्ध हैं। एक उप-कारापाल को वरुण गांधी की सुरक्षा का प्रभारी बनाया गया है जो अधीक्षक जिला कारागार के साथ-साथ उनकी सुरक्षा का पूर्ण ध्यान रखते हैं।


Click it and Unblock the Notifications