अमेरिकी शौचालय के इस्तेमाल से रोका

एक रूसी अंतरिक्षयात्री ने कहा कि उसे अमेरिकी शौचालय का इस्तेमाल नहीं करने दिया गया. पहले वह अमरीकी सहकर्मियों के साथ सौहार्द्र से रहते थे. एक रूसी अंतरिक्षयात्री ने शिकायत की है कि उसे अमरीकी शौचालय और एक्सरसाइज़ साइकिल के इस्तेमाल की अनुमति नहीं है.
इस 50 वर्षीय अंतरिक्षयात्री गैनेडी पड़ालका ने रूस के नोवाया गज़ेटा समाचारपत्र से कहा कि इससे अंतरिक्षदल के सभी लोगों का मनोबल कम हुआ. गैनेडी के मुताबिक सारी समस्या की जड़ यह है कि अंतरिक्ष स्टेशन बहुत ज्यादा कमर्शियल हो गया है. गैनेडी ने बताया कि वो अंतरिक्ष में 1998 में अपने पहले मिशन के बाद से अपने अमरीकी सहकर्मियों के साथ बडे सौहार्द्र के साथ रहा करते थे.
कमर्शियल
उन्होंने कहा कि 2003 के बाद से अंतरिक्ष मिशन बहुत व्यावसायिक हो गए हैं और मॉस्को अंतरिक्षयात्रियों को भेजने के लिए वॉशिंगटन से पैसे वसूलने लगा है जिसकी वजह से अन्य देश भी वैसा ही बर्ताव करने लगे हैं.
दो मिशनों पर जा चुके और स्टेशन के अगले कमांडर बनने वाले पडालका ने कहा कि यह सब जो भी हो रहा है उसका असर उन सब के काम पर पड़ रहा है.पडालका ने कहा, "अब हालात इतने ख़राब हो गए हैं कि रूसी और अमरीकी अंतरिक्षयात्रियों के लिए सिर्फ़ अपना-अपना राशन इस्तेमाल करने का नियम बन गया है. इसके अलावा हमसे केवल अपने देश के शौचालय का इस्तेमाल करने के लिए कहा गया है."
कभी हाँ, कभी ना
बृहस्पतिवार सुबह उन्हें अंतरिक्ष स्टेशन का जिम इस्तेमाल करने से मना किया गया. इसके बाद कभी हाँ और कभी ना कहने के बाद आख़िरकार उन्हें अनुमति नहीं दी गई. अंतरिक्ष स्टेशन पर यात्रियों की संख्या बढ़ने की वजह से यह समस्या और भी बढ़ सकती है.
अब तक एक समय में अंतरिक्ष स्टेशन पर सिर्फ़ तीन ही अंतरिक्ष यात्री रह सकते थे. लेकिन पिछले सप्ताह कज़ाकस्तान से एक रूसी रॉकेट भेजा गया जिसमें पडालका और दो अन्य सदस्य थे. हालाँकि स्टेशन पर सदस्यों की संख्या दोगुनी होने से ज़्यादा शोध हो सकता है लेकिन इसका अर्थ यह भी है कि इससे वहाँ पर्यटकों के लिए स्थान की कमी रहेगी.


Click it and Unblock the Notifications