बंदीगृह ख़ूबसूरत लगा मिस यूनिवर्स को

अपने ब्लॉग में ग्वांतानामो बे बंदीगृह को शांत और ख़ूबसूरत जगह कहने के कारण मिस यूनिवर्स डायना मेंडोज़ा विवादों में घिर गई हैं और उनके इस बयान की हर ओर आलोचना हो रही है. हालांकि अब इस टिप्पणी को उनके ब्लॉग से हटा लिया गया है.
वेनेज़ुएला की डायना मेंडोज़ा ने ग्वांतानामो बे का दौरा करने के बाद 27 मार्च को ये बात अपने ब्लॉग पर लिखी है. उनका ये बयान कि वे इस 'शांत और ख़ूबसूरत' जगह से जाना नहीं चाहती थी, इसकी काफ़ी आलोचना हुई है. ब्लॉग पर लिखे गए इस बयान को अब हटा लिया गया है और उनके दौरे के पीछे के मकसद को लेकर एक वीडियो लगाया गया है.
एक बयान में बताया गया है कि मिस यूनिवर्स का दौरा सेना में काम करने वाले लोगों के सम्मान में एक सदभावना यात्रा थी और उनके बयान को वहाँ उन्हें मिले स्वागत के संदर्भ में देखा जाना चाहिए.
पूर्व बंदियों और मानवाधिकार गुटों ने कई बार आरोप लगाया है कि ग्वांतानामो बे बंदीगृह में क़ैदियों को प्रताड़ित किया जाता है. मिस यूनिवर्स और मिस कनाडा ने कई दिनों तक इस कैंप का दौरा किया और अपने अनुभव ब्लॉग पर लिखे.
उनका कहना था, "ये अदभुत अनुभव था. हम ईस्ट कोस्ट के लोगों के साथ घूमे. हमने पूरे इलाक़े का दौरा किया और वहाँ बहुत मज़ा आया ( it was a loooot of fun)."
इलाक़े के बारे में वे लिखती हैं, "मैं यहाँ से जाना नहीं चाहती थी, बहुत शांत और ख़ूससूरत जगह थी (soooo beautiful)." कई ब्लॉगरों ने मिस यूनिवर्स की इस टिप्पणी की आलोचना की है. अमरीकी राष्ट्रपति ओबामा ने इस कैंप को बंद करने के आदेश दे दिए हैं.


Click it and Unblock the Notifications