दो रुपये किलो अनाज दिलाएगी भाजपा

पार्टी मुख्यालय में जारी इस घोषणा पत्र में भाजपा ने वादा किया है कि यदि वह सत्ता में आई तो गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले परिवारों को हर माह 35 किलो चावल उपलब्ध कराएगी। साथ ही गरीब परिवारों को 2 रुपए प्रति किलो के दर से गेहूं और चावल मुहैय्या कराएगी।
आतंकवाद से लड़ने में यूपीए को अक्षम बताने वाली भाजपा ने देश में एक बार फिर पोटा जैसे कड़े कानून की पैरवी की है। भाजपा ने कहा है कि सत्ता में आने पर पार्टी आतंकवाद का मुकाबला करने के लिए आतंकवाद निरोधक अधिनियम (पोटा) जैसे कड़े कानून लागू करने के अलावा तटवर्ती सुरक्षा भी मजबूत करेगी।
भाजपा प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद ने कहा, "हम आतंकवादियों से सख्ती से निपटेंगे, भले ही वे देश के भीतर हों या बाहर। पोटा जैसा कड़ा कानून लागू किया जाएगा और तटवर्ती सुरक्षा को मजबूत बनाया जाएगा। "इसके अलावा भारत-बांग्लादेश सीमा पर बाड़ लगाने के काम को गंभीरता से लिया जाएगा। नक्सलियों से निपटने के लिए छत्तीसगढ़ में अपनाया जा रहा तरीका देश भर में लागू किया जाएगा"।
भाजपा राम मंदिर के अपने पुराने मुद्दे को भी भूली नहीं है पार्टी ने राम मंदिर और रामसेतु के लिए कार्य करने की बात दोहराई है। भ्रष्टाचार को चुनावी मुद्दा बनाने वाली भाजपा ने कहा है कि वह विदेशी बैंकों में जमा काले धन को वापस भारत लाएगी।
इस सबके अलावा पार्टी के घोषणा पत्र में देश की मुख्य नदियों को आपस में जोड़ने, रिटेल क्षेत्र में विदेशी प्रत्यक्ष निवेश पर पाबंदी लगाने, सूचना-प्रोद्यौगिकी के क्षेत्र में 1 करोड़ से अधिक नौकरियों का वादा, सेना और अर्धसैनिक बलों के लिए अलग वेतन आयोग के गठन का वादा तथा सैन्यकर्मियों को कर में छूट का वादा भी किया गया है।
इस मौके पर प्रधानमंत्री पद के लिए पार्टी के उम्मीदवार लाल कृष्ण आडवाणी, पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह, घोषणा पत्र समिति के अध्यक्ष मुरली मनोहर जोशी और अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications