चुनाव में चाक-चौबंद होगी बिहार की सुरक्षा व्यवस्था
राज्य पुलिस को पिछले चुनाव की तुलना में केंद्रीय अद्र्घसैनिक बलों की अधिक टुकड़ियां मिलने की उम्मीद है। पुलिस मुख्यालय के एक वरिष्ठ अधिकारी की मानें तो लोकसभा चुनाव में इस बार सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ), सीमा सशस्त्र बल (एसएसबी), केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) तथा भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) को भी लगाया जा रहा है।
अधिकारी ने बताया कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में बीएसएफ तथा एसएसबी को लगाया जायेगा। दियारा क्षेत्रों में वाहनों के आवागमन में होने वाली परेशानी को देखते हुए उन क्षेत्रों में घुड़सवार बलों की तैनाती की जाएगी। इसके अतिरिक्त विशेष कार्य बल (एसटीएफ) के प्रशिक्षित जवान सेना के एमआई-8 हेलीकॉप्टर पर तैनात रहेंगे। मतदान के दौरान एसटीएफ के जवान हेलीकॉप्टर से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों का गश्त लगाएंगे।
अपर पुलिस महानिदेशक (मुख्यालय) नीलमणि ने आईएएनएस को बताया कि पिछले चुनाव की तुलना में इस बार केंद्रीय अद्र्घसैनिक बलों की अधिक कंपनियां आवंटित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग और केंद्रीय गृह मंत्रालय ने राज्य पुलिस के आलाअधिकारियों को इसका भरोसा दिलाया है। उन्होंने बताया कि हालांकि कितनी टुकड़ियां बिहार को आवंटित होंगी इसका खुलासा नहीं किया गया है। उन्होंने बताया कि कई इलाकों में सुरक्षा बलों की तैनाती का काम प्रारंभ हो चुका है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications