वैश्विक परिदृश्य में सशक्त आवाज बनकर उभर रहा है जी-20 : मनमोहन
लंदन, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। यहां आयोजित जी-20 देशों की शिखर बैठक में भारत द्वारा उठाए गए मुद्दों को अंतिम घोषणापत्र में शामिल किए जाने के बाद नतीजों से संतुष्ट प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने गुरुवार को कहा कि संगठन वैश्विक परिदृश्य में अधिक सशक्त आवाज बनकर उभर सकता है।
प्रधानमंत्री ने कहा, "अगर जी-20 दुनिया के प्रमुख मुद्दों के बारे में विश्वसनीय उत्तर दे सकता है तो यह निश्चित रूप से अपनी जगह बनाने में सफल होगा।" उन्होंने कहा कि अमेरिका और रूस के साथ भारत और चीन जैसी उभरती अर्थव्यवस्थाओं की सदस्यता होने के कारण यह संगठन अपने आप में विविधता समेटे हुए है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि अगर यह संगठन आपसी सहयोग के साथ वैश्विक समस्याओं से निपटने में कामयाब होता है तो इसे भी औद्योगिक देशों के समूह जी-8 की तरह सम्मानित दर्जा मिल सकता है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि यह 20 देशों की समिति का अनोखा संगठन है। उन्होंने कहा कि बैठक में भारत द्वारा उठाए गए मुद्दों पर भी चर्चा हुई। इन मुद्दों में वित्तीय तंत्र की कड़ी निगरानी, विकासशील देशों को धन उपलब्ध कराना और वस्तुओं एवं सेवाओं दोनों पर से संरक्षणवादी उपायों को वापस लेने जैसे मुद्दे शामिल थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications