भाजपा घोषणा पत्र : 2 रुपये किलो चावल और राम मंदिर का वादा (राउंडअप)
रामनवमी के दिन वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी, पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह और अन्य वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में पार्टी मुख्यालय में इस घोषणा पत्र को जारी किया गया।
घोषणा पत्र में एक बार फिर दोहराया गया है कि वह राम मंदिर निर्माण को प्रतिबद्ध है और यदि उसे सत्ता मिली तो वह अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए सभी संभावनाओं पर काम करेगी। इसके साथ ही पार्टी ने यह भी कहा कि सत्ता में आने पर वह वक्फ संपत्तियों पर अनधिकृत कब्जों को दूर करने के लिए आवश्यक कदम उठाएगी।
पार्टी ने घोषणा पत्र में कहा है, "भारत के लोगों और विदेशों में बसे भारतीयों की यह उत्कट इच्छा है कि अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य राम मंदिर का निर्माण हो। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को सुगम बनाने के लिए भाजपा वार्ता और न्यायिक प्रक्रिया समेत सभी संभावनाओं पर काम करेगी।"
घोषणा पत्र जारी होने के अवसर पर आडवाणी से जब यह पूछा गया कि भाजपा ने अपने घोषणा पत्र में राम मंदिर निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता जताई है लेकिन पूर्व की तरह इसे यदि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घोषणा पत्र में नहीं शामिल किया गया तो यह जनता को मूर्ख बनाने जैसा होगा। इसके जवाब में आडवाणी ने कहा, "यह भाजपा का घोषणा पत्र है। राजग का विजन डाक्यूमेंट बाद में जारी किया जाएगा। उसे तैयार करने की प्रक्रिया चल रही है। भाजपा अपने घोषणा पत्र को राजग के सभी घटक दलों को देगी और उनसे कहेगी कि उन्हें जिस विषय पर आपत्ति है वह हमें बताएं, हम उस पर विचार करेंगे।"
उन्होंने कहा, "राजग सरकार में भी राम मंदिर निर्माण को लेकर घटक दलों में चर्चा हुई थी लेकिन उनमें यह सहमति नहीं बन पाई थी कि संसद से प्रस्ताव पारित कर राम मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया जाए। राजग के घटक दलों में यह सहमति जरूर बनी थी कि धार्मिक गुरुओं से बातचीत या फिर अदालत के रास्ते राम मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया जा सकता है।"
घोषणा पत्र में कहा गया है कि रामसेतु को बचाने के लिए भाजपा प्रस्तावित 'सेतुसमुद्रम चैनल परियोजना' के लिए वैकल्पिक मार्ग का पता लगाएगी। पार्टी ने कहा है कि वह इसे सांस्कृतिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करना चाहती है।
पार्टी ने घोषणा पत्र में कहा है कि वह गंगा की स्वच्छता, शुद्धता और अविरल जलप्रवाह सुनिश्चित करेगी और इस बारे में सभी विधिक व प्रशासनिक उपाय भी करेगी। पार्टी ने कहा है कि गौ रक्षा को प्रोत्साहित करने और मठों व मंदिरों के प्रशासन में स्वायत्तता सुनिश्चित करने के लिए वह आवश्यक कानूनी ढांचा बनाएगी।
पार्टी ने यह वादा भी किया है, "भाजपा सत्ता में आई तो गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करने वाले परिवारों को 2 रुपये प्रति किलोग्राम के हिसाब से प्रति माह 35 किलो चावल या गेहूं दिया जाएगा। खाद्य पदार्थो की आसान उपलब्धता के लिए फूड कूपन दिया जाएगा।"
किसानों की आत्महत्या व कृषि क्षेत्र की दयनीय स्थिति के लिए संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) को जिम्मेदार ठहराते हुए पार्टी ने अपने घोषणा पत्र में कहा है कि वह किसानों के सभी ऋण माफ करेगी। साथ ही किसानों के ऋणों के सभी पहलुओं के अध्ययन के लिए एक आयोग की स्थापना कर छह महीने के भीतर इस संकट का समाधान करने का प्रयास करेगी। पार्टी ने कहा है कि सत्ता में आने पर वह किसानों को अधिक से अधिक 4 फीसदी दर से कृषि ऋण उपलब्ध कराएगी।
पार्टी ने वक्फ संपत्तियों के बारे में अपने घोषणा पत्र में कहा है, "राज्यसभा के उपाध्यक्ष के. रहमान खान के नेतृत्व में गठित वक्फ संपत्तियों से संबंधित संयुक्त संसदीय समिति की सिफारिशों की भाजपा समीक्षा करेगी और मुस्लिम मजहबी नेताओं के परामर्श से वक्फ संपत्तियों पर अनधिकृत कब्जे को दूर करने के लिए कदम उठाएगी।" पार्टी ने यह भी कहा है कि वह उर्दू समेत सभी भारतीय भाषाओं को प्रोत्साहन देगी।
पार्टी का कहना है कि केंद्र में राजग की सरकार बनी तो वह अपने शासन के पहले 100 दिनों के भीतर पोटा कानून बहाल करेगी और उसे अत्यधिक कारगर बनाएगी। इसके अलावा पार्टी संगठित अपराध और आतंकवाद के संबंध में राज्य सरकारों द्वारा बनाए गए कानूनों को सहमति देगी।
घोषणा पत्र में कहा गया है, "भारत की विशाल तटरेखा असुरक्षित है। हमें सत्ता मिली तो भारतीय समुद्रों में बेहतर गश्त लगाने के लिए नौसेना और तटरक्षकों को आवश्यक साधन उपलब्ध कराए जाएंगे और आतंकवादियों को समुद्री रास्ते से भारत में प्रवेश से रोका जाएगा। तटीय सुरक्षा के लिए एक राष्ट्रीय सागरीय प्राधिकरण की स्थापना की जाएगी।"
भाजपा ने पहली बार अपने घोषणा पत्र में अनुवांशिकी संशोधित बीज (जीएम बीज) के मुद्दे को स्थान दिया है। पार्टी ने कहा है कि वह यदि सत्ता में आई तो बगैर सम्पूर्ण जानकारी के जीएम बीजों का इस्तेमाल नहीं होने देगी।
घोषणा पत्र में कहा गया, "उपभोक्ताओं पर भूमि, उपज और जैविक प्रभाव के दीर्घकालीन असर को रोकने के लिए बिना सम्पूर्ण जानकारी के किसी भी अनुवांशिकी बीजों का इस्तेमाल करने नहीं दिया जाएगा।"
पार्टी ने कहा है कि अनुवांशिकी संशोधित बीजों से तैयार किए गए सभी खाद्य पदार्थों को 'जीएमफूड' ब्रांड नाम से बाजार में बेचा जाना अनिवार्य किया जाएगा।
भाजपा ने वादा किया है कि वह बिजली के क्षेत्र में भारी निवेश करने के साथ-साथ अगले पांच वर्षो में कम से कम 1,20,000 मेगावाट अतिरिक्त बिजली सृजित करेगी। इसके अलावा नदी विद्युत परियोजनाओं, सौर तथा वायु शक्ति जैसे ऊर्जा विकल्पों को बढ़ावा देकर आयातित जीवाश्म ईंधन पर निर्भरता कम की जाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications