चुनाव महत्वपूर्ण है, आईपीएल नहीं : कुरैशी
कुरैशी ने टेलीविजन चैनल जी न्यूज को दिए एक साक्षात्कार में कहा, "भारत के लिए फिलहाल चुनाव ज्यादा महत्वपूर्ण है। इसके आगे आईपीएल कहीं नहीं टिकता। इसका मतलब यह नहीं कि हम आईपीएल विरोधी हैं। क्रिकेट मैचों में हमारी भी रुचि है और काम के बीच हम स्कोर का पता करते रहते हैं।"
ज्ञात हो कि आईपीएल का दूसरा संस्करण अब दक्षिण अफ्रीका में 18 अप्रैल से शुरू होगा। क्योंकि अप्रैल-मई में आम चुनाव के कारण देश में मैच के लिए पर्याप्त सुरक्षा बंदोबस्त उपलब्ध करा पाना कठिन था।
कुरैशी ने हालांकि कहा कि चुनाव के लिए सुरक्षा बलों पर कम से कम निर्भरता होनी चाहिए।
उन्होंने कहा, "हमें जरूरत के मुताबिक ही सुरक्षा बलों का इस्तेमाल करना चाहिए और राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं करनी चाहिए।"
एक प्रश्न के जवाब में कुरैशी ने कहा कि चुनाव आयोग के तीनों सदस्यों के बीच कोई विवाद नहीं है।
उन्होंने कहा, "हमारे बीच कोई विवाद नहीं है। हम 95 प्रतिशत मुद्दों पर सहमत हैं और बाकी पर असहमत हैं। यह इस बात का संकेत है कि चुनाव आयोग के अंदर भी लोकतंत्र कायम है।"
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार वरुण गांधी के खिलाफ की गई कार्रवाई के बारे में पूछे जाने पर कुरैशी ने कहा, "मैं इस बारे में कुछ नहीं कहूंगा लेकिन इस पर कहने के लिए बहुत कुछ है। लोग कह रहे हैं कि आप ने वरुण के साथ अच्छा किया।"
कुरैशी ने आगे कहा, "चुनाव आयोग बिना दांत वाला बाघ है, क्योंकि हम अपराधी नेताओं पर कोई टिप्पणी नहीं कर सकते।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications