जबलपुर में नाबालिग दो भाइयों ने की साथी की हत्या
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक बरगी थाने के मानेगांव में रहने वाला रोहित सुबह के वक्त बकरियां चराने जाता था, वहीं उसके दो साथी महुआ बीनने निकलते थे। बकरी आए दिन महुआ खा लेती थी इसी बात को लेकर एक अप्रैल को रोहित का दोनों सगे भाइयों से विवाद हो गया।
विवाद बढ़ने पर 13 वर्षीय रोहन (काल्पनिक नाम) और उसके छोटे भाई 8 वर्षीय रमेश ने रोहित की पिटाई की। रोहित ने अपना बचाव किया और वह वन विभाग के विश्राम गृह में जा छुपा। रमेश और रोहन पीछा करते हुए विश्राम गृह पहुंचे और कुल्हाड़ी से प्रहार कर उसकी जान ले ली।
बरगी थाने के प्रभारी आऱ डी़ मिश्रा ने शुक्रवार को आईएएनएस को बताया कि रोहित नाम के बच्चे की मौत पुलिस के लिए सिरदर्द बन गई थी और हत्या की गुत्थी सुलझाना उनके लिए आसान नहीं था। रोहित के पड़ोस में ही रहने वाले हमउम्र दो सगे भाइयों से पूछताछ की गई तो उन्होंने राज उगल दिया। उन्होंने बताया कि रोहित की बकरी उनकी महुआ खा जाती थी और इसी को लेकर उनका विवाद हुआ तथा उन्होंने गुस्से में आकर रोहित को कुल्हाड़ी मार दी जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications