दूरदर्शन पर प्राइम टाइम में बधिरों के लिए समाचार प्रसारित होगा
नई दिल्ली, 3 अप्रैल(आईएएनएस)। सरकारी प्रसारण सेवा दूरदर्शन ने बधिरों के लिए प्राइम टाइम में समाचार प्रस्तुत करने का फैसला किया है। बहरेपन के शिकार लोगों के लिए अब तक सप्ताह में सिर्फ एक बार सांकेतिक भाषा में न्यूज बुलेटिन पेश किया जाता रहा है।
नेशनल सेंटर फॉर प्रोमोशन ऑफ एंप्लायमेंट फॉर डिसेब्ल्ड पीपुल(एनसीपीईडीपी) के निदेशक जावेद अबिदी ने शुक्रवार को यहां कहा कि यूं तो यह फैसला देर से लिया गया है, पर अंतत: भारत उन देशों की सूची में शामिल हो गया है जहां बधिरों के सूचना के अधिकार की रक्षा के लिए ऐसा कदम उठाया जा चुका है।
अबिदी ने कहा, "अधिकांश विकसित देशों में टीवी कार्यक्रमों को सबटाइटिल के साथ पेश किया जाना सामान्य बात है। यहां तक कि थाईलैंड जैसे विकासशील देशोंे में भी ऐसी सुविधा उपलब्ध है। दुर्भाग्य से हमारा देश इस मामले में पिछड़ा हुआ था।"
सरकार की ओर से इसकी पहल तब हुई जब उपरोक्त संगठन के सदस्यों ने प्रधानमंत्री कार्यालय के अधिकारियों से मुलाकात की। सरकार ने इसे गंभीरता से लिया और दूरदर्शन को सबटाइटिल और स्क्रॉल के साथ खबर पेश करने का निर्देश दिया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications