एचआर गुरु चुनाव मैदान में
चेन्नई, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। उन्हें देश की सबसे बड़ी भर्ती कंपनी की स्थापना करने का श्रेय जाता है। दुनिया भर में 200,000 से अधिक लोगों को रोजगार दिलाने वाले एचआर गुरु क़े पांडियाराजन अब खुद लोकसभा में जगह पाने के लिए चुनाव मैदान में हैं।
उन्हें तमिल फिल्म स्टार विजयकांत की पार्टी डीएमडीएके ने अपना उम्मीदवार बनाया है। वह तमिलनाडु के विरुधुनगर संसदीय क्षेत्र से किस्मत आजमा रहे हैं। 49 वर्षीय पांडियाराजन शीर्ष भर्ती कंपनी मा फोई मैनेजमेंट कंसल्टेंट्स लिमिटेड के संस्थापक हैं।
उनका मानना है कि लोकसभा चुनाव लड़ने वाले वह मानव संसाधन उद्योग के संभवत: पहले सदस्य हैं। वह इस कंपनी में अपनी हिस्सेदारी नीदरलैंड की कंपनी वेडियोर को बेच चुके हैं। इसका बाद में रैंडस्टैड में इसका विलय हो गया। वह अब रैंडस्टैड इंडिया के प्रबंध निदेशक हैं। वह छात्र राजनीति में सक्रिय रह चुके हैं।
वह आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहते हैं, "मैं समझता हूं कि एचआर क्षेत्र के अपने अनुभव का इस्तेमाल राष्ट्रीय नीतियों को दिशा देने में भी कर सकता हूं।" उनके इस विचार से उनकी पत्नी लता भी सहमत हैं।
पांडियाराजन 2000 में भाजपा में शामिल हुए थे, लेकिन 2007 में वह डीएमडीके में शामिल हो गए। उनका कहना है, "विजयकांत में जनता के लिए काम करने की भूख है। वह प्रभावशाली वक्ता है। उनसे मैं काफी प्रभावित हूं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications