ई-चुनाव प्रचार जोर पकड़ रहा है
नई दिल्ली, 3 अप्रैल(आईएएनएस)। ऐसे में जब लोकसभा चुनाव नजदीक आता जा रहे हैं, मतदाताओं को लुभाने के लिए ई-चुनाव प्रचार भी जोर पकड़ रहा है। खासकर, इंटरनेट व मोबाइल के आदी युवाओं को प्रभावित करने का यह एक असरदार उपाय बन गया है।
लालकृष्ण आडवाणी और राहुल गांधी जैसे नेताओं के लिए आधुनिकतापसंद युवाओं को आकर्षित करने का यह ठोस उपाय बन गया है। ये नेता सिर्फ वेबपेज से ही संतुष्ट नहीं हैं, बल्कि मतदाताओं पर असर डालने के लिए एसएमएस, ब्लॉग और यूट्यूब वीडियो क्लिप का भी इस्तेमाल कर रहे हैं।
एक आईटी पेशेवर 25 वर्षीय अभिषेक सिंह कहते हैं, "उन्हें आडवाणी के प्रचार कार्यालय से कई एसएमएस मिले। इनमें से एक टेक्स्ट मेसेज में यह कहा गया कि अगर आडवाणी सत्ता में आए तो एक करोड़ छात्रों को 10 हजार रुपए के लैपटॉप उपलब्ध कराए जाएंगे।" दिल्ली विश्वविद्यालय में एम़फिल की छात्रा अंशिका बोरा को भी भाजपा के आईटी प्रचार विभाग से ऐसे ही एसएमएस मिले।
आडवाणी अपने ब्लॉग का इस्तेमाल भी इसके लिए कर रहे हैं। उनकी तरह राहुल गांधी के ई-प्रचार के रास्ते पर चल पड़े हैं। ऑकरुट और फेसबुक जैसी सोशल नेटवर्किंग साइटों पर राहुल के फैन्स क्लब हैं। वर्षा शर्मा ऑकरुट पर राहुल गांधी फैन्स क्लब के 10 हजार सदस्यों में से हैं। द्वितीय वर्ष की छात्रा वर्षा कहती है,"राहुल गांधी जैसे युवा चेहरे उम्मीद की किरण हैं। उनकी प्रचार शैली से मैं प्रभावित हूं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**












Click it and Unblock the Notifications