जलवायु परिवर्तन आर्थिक संकट से ज्यादा गंभीर समस्या: फिदेल कास्त्रो
हवाना, 3 अप्रैल(आईएएनएस)। क्यूबा के पूर्व राष्ट्रपति फिदेल कास्त्रो ने जलवायु परिवर्तन को मौजूदा अंतर्राष्ट्रीय आर्थिक संकट से कहीं ज्यादा गंभीर समस्या करार दिया है। उन्होंने यह बयान ऐसे वक्त दिया है जब लंदन में आयोजित जी-20 के सम्मेलन के एजेंडे में आर्थिक संकट को प्रमुखता से शामिल किया गया है।
कास्त्रो ने अपने स्तंभ में लिखा है, "दुनिया के लिए सिर्फ आर्थिक मंदी ही एकमात्र गंभीर समस्या नहीं है। मेरी नजर में जलवायु परिवर्तन दुनिया के लिए ज्यादा गंभीर समस्या है, क्योंकि यह कई समस्याओं का स्रोत है। यह हमारे अस्तित्व से जुड़ा सवाल है।"
ईएफई न्यूज एजेंसी के मुताबिक इस विख्यात वामपंथी नेता ने स्तंभ में लिखा है कि अंतर्राष्ट्रीय आर्थिक प्रणाली के नियमन के मसले पर देशों के बीच मतभेद गहरा गए हैं। उन्होंने जी-20 के एजेंडे को अस्पष्ट करार दिया।
ब्रिटिश दातव्य संगठन ऑक्सफैम की रिपोर्ट का हवाला देते हुए उन्होंने लिखा है कि दुनिया में गरीबी का समाधान निकाले जाने पर ज्यादा जोर नहीं दिया जा रहा है। उनका मानना है कि दुनिया के धनी देशों ने बैंकिंग सेक्टर को बचाने के लिए जिस विशाल पैकेज की घोषणा की है, उसका इस्तेमाल अगले 50 वर्षो में गरीबी खत्म करने पर होना चाहिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications